चंडीगढ़ : पंजाब सतर्कता ब्यूरो ने लुधियाना से प्रकाशित होने वाले एक समाचार पत्र के संवाददाता अनिल विज को 1,00,000 रुपये की रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया है। ब्यूरो के एक प्रवक्ता ने मंगलवार को यहां यह जानकारी देते हुये बताया कि आरोपी पत्रकार को लुधियाना के ऋषि बालमिक नगर निवासी सुरिंदर अरोड़ा की शिकायत पर गिरफ्तार किया गया है। शिकायत में कहा गया था कि उक्त संवाददाता उसकी कृषि भूमि पर निर्मित मकान तक जाने वाले पक्के रास्ते को न तोड़ने के एवज में तीन लाख रुपये की रिश्वत की मांगी थी
शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपी संवादाता ने ग्रेटर लुधियाना विकास प्राधिकरण के एसडीओ और कनिष्ठ अभियंता के एक-एक लाख रुपये और खुद के लिए एक लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। और न देने पर पक्का रास्ता तोड़ने की कथित तौर पर धमकी दी थी। शिकायत के आधार पर ब्यूरो की टीम ने जाल बिछा कर उक्त संवाददाता को शिकायतकर्ता से 1,00,000 रुपये रिश्वत लेते हुए दो आधिकारिक गवाहों की उपस्थिति में रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे जांच की जा रही है।
संवाददाता रिश्वत लेते गिरफ्तार
