गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

न्यायमूर्ति बिंदल व कुमार सोमवार को न्यायाधीश पद की लेंगे शपथ

नई दिल्ली : मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ सोमवार को न्यायमूर्ति राजेश कुमार बिंदल और न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को उच्चतम न्यायालय के न्यायाधीश पद की शपथ दिलाएंगे।
न्यायमूर्ति बिंदल और न्यायमूर्ति कुमार के कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही शीर्ष न्यायालय के लिए स्वीकृत कुल 34 न्यायाधीशों की संख्या पूरी हो जाएगी।
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने इलाहाबाद उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति राजेश बिंदल और गुजरात उच्च न्यायालय के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के पद पर नियुक्ति को मंजूरी दी थी। केंद्रीय विधि एवं न्याय मंत्रालय के न्याय विभाग ने 10 फरवरी को दोनों न्यायाधीशों की नियुक्ति से संबंधित अलग-अलग अधिसूचनाएं जारी की थी।
मुख्य न्यायाधीश डी. वाई. चंद्रचूड़ की अध्यक्षता वाली कॉलेजियम ने 31 जनवरी 2023 को न्यायमूर्ति बिंदल और न्यायमूर्ति कुमार को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में पदोन्नत करने की भी सिफारिश की थी।
शीर्ष अदालत में इससे पहले गत छह फरवरी को न्यायमूर्ति पंकज मित्तल, न्यायमूर्ति संजय करोल, न्यायमूर्ति पी वी संजय कुमार, न्यायमूर्ति अहसानुद्दीन अमानुल्लाह और न्यायमूर्ति मनोज मिश्रा ने न्यायाधीश के पद की शपथ ली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *