किसानों के पास पैसे वापस करने के नोटिस क्यों
भोपाल : शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ से किसानों से जुड़े दो सवाल पूछे जाने के जवाब में श्री कमलनाथ ने भी उनसे दो सवाल पूछे हैं। कमलनाथ ने चौहान से पूछा कि पीएम सम्मान निधि में लाखों किसानों के पास पैसा वापस करने का नोटिस क्यों आ रहा है? क्या सरकार ने जानबूझकर किसानों को कर्ज के जाल में फंसा देने के लिए यह चाल चली है? क्या इस रकम की रिकवरी किसानों से ना करा कर सरकार अपनी जेब से करेगी।
दूसरे सवाल के तौर पर कमलनाथ ने पूछा कि उनकी सरकार ने किसानों को गेहूं पर 160 रुपए बोनस दिया था, लेकिन भाजपा सरकार बनते ही किसानों का बोनस बंद कर दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार की किसानों से इतनी दुश्मनी क्यों है, इसका जवाब प्रदेश के किसान चाहते हैं।
