गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

‘उद्योगपति’ पर कमलनाथ का पलटवार

भोपाल : शिवराज सिंह चौहान द्वारा आज सुबह कांग्रेस में नेता तय करने के पैमाने पर पार्टी पर हमला बोलने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सवाल किया कि भारतीय जनता पार्टी बताए कि उनके (कमलनाथ के) पास कौन सा उद्योग है। चौहान ने सुबह संवाददाताओं से चर्चा के दौरान बिना किसी का नाम लिए कहा था कि उनके पास हवाई जहाज, हेलीकॉप्टर और कार है। संपत्ति और दौलत है, इसलिए वे कांग्रेस के नेता और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार हैं। ये कांग्रेस के नेता ही कह रहे हैं। उनके पास धन, दौलत के भंडार हैं, इसलिए वे नेता हैं, नेता का पैमाना ये हो गया है, लेकिन हमारे (भाजपा के) पास जनता है।
इस पर पलटवार करते हुए श्री कमलनाथ ने भी बिना किसी का नाम लिए यहां संवाददाताओं द्वारा इस संबंध में पूछे जाने पर कहा कि उन्हें कुछ नहीं सूझा, इसलिए उन्हें (श्री कमलनाथ को) उद्योगपति कह रहे हैं। वे बता दें कि उनके (कमलनाथ के) पास कौन सा उद्योग, कंपनी और व्यापार है।
दरअसल कतिपय मीडिया में आज कांग्रेस के राज्यसभा सांसद विवेक तन्खा के हवाले से एक खबर प्रकाशित हुई है, जिसमें तन्खा के हवाले से कहा गया है कि कमलनाथ के पास धन-संपत्ति, हवाईजहाज और वे सारे संसाधन हैं, जो राजनीति के लिए आवश्यक होते हैं और इसलिए उनका मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार होना कांग्रेस की जरूरत है। चौहान का बयान इसी संदर्भ में माना जा रहा है। वहीं कमलनाथ द्वारा सरकार पर पलटवार को लेकर भाजपा की प्रदेश इकाई के प्रवक्ता नरेंद्र सलूजा ने कहा कि कमलनाथ जो सवाल चौहान से कर रहे हैं, वे उन्हें अपनी पार्टी के सांसद तन्खा से करने चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *