कानपुर : उत्तर प्रदेश के उन्नाव में एक माह पहले सड़क दुर्घटना में घायल हुयी यूक्रेन की अलेक्जेंडर (27 साल) की सोमवार को मौत हो गयी। उसका इलाज कानपुर में चल रहा था। वह उन्नाव में हुए सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसके बाद उसे इलाज के लिये कानपुर एलएलआर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
गौरतलब है कि रविवार को कानपुर आये मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी डॉक्टरों से अलेक्जेंडर की हालत में सुधार के बारे में जानकारी ली थी। प्राप्त जानकारी के मुताबिक लखनऊ कानपुर हाईवे पर सोहरामऊ में बीते 04 सितंबर को सड़क हादसे में ओजेरोवा अलेक्जेंडर गंभीर रूप से घायल हो गई थी।
उसे एलएलआर अस्पताले के न्यूरो सर्जरी विभागाध्यक्ष डा. मनीष सिंह की देखरेख में आइसीयू में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया था। बेहतर इलाज की वजह से उसकी स्थिति में सुधार होने लगा। इस बीच दिमाग से तरल पदार्थ का रिसाव होने पर आपरेशन करना पड़ा। लगभग आठ घंटे तक चला आपरेशन सफल भी रहा था, लेकिन खून में संक्रमण होने से सभी प्रकार की एंटीबायोटिक दवायें बेअसर हो गई। इस वजह से उसकी हालत बिगड़ती चली गई। जिसके चलते सोमवार को उसकी मौत हो गई।
एलएलआर अस्पताल के प्रमुख अधीक्षक प्रो आरके मौर्या ने उसकी मोत की पुष्टि करते हुए बताया कि युवती के इलाज के लिए पांच सदस्यीय डाक्टरों की टीम लगी हुई थी, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
कानपुर : सड़क हादसे में घायल होने के एक माह बाद अलेक्जेंडर की मौत हुुई
