भाजपा ने कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार
नई दिल्ली : कावेरी जल विनियमन समिति ने मंगलवार को कर्नाटक को अगले 15 दिनों तक तमिलनाडु के लिए प्रत्येक दिन 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने का आदेश दिया है। जमीनी वास्तविकता का संज्ञान लेते हुए सीडब्ल्यूआरसी ने डिजिटल बैठक में दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद यह आदेश जारी किया। सीडब्ल्यूआरसी ने 28 अगस्त को भी इसी तरह का आदेश जारी किया था, जिसमें कर्नाटक को अगले 15 दिनों तक प्रत्येक दिन तमिलनाडु के लिए कावेरी नदी का 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने के लिए कहा गया था।
आखिरकार, कर्नाटक सरकार ने एक अनुपालन रिपोर्ट दायर किया और तमिलनाडु के लिए पानी छोड़ना शुरू कर दिया। कर्नाटक के मांड्या जिले के किसानों ने इसका विरोध किया और कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए तमिलनाडु के लिए पानी छोड़ना बंद करने की मांग की। इस आशंका को देखते हुए तमिलनाडु सरकार ने उच्चतम न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और कर्नाटक को उसके 2018 के आदेश के अनुसार पानी छोड़ने का निर्देश देने की मांग की।
इस बीच, भारतीय जनता पार्टी ने कर्नाटक सरकार द्वारा सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलने की योजना पर सवाल उठाया है, जबकि इसका समाधान उच्चतम न्यायालय या कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) के पास है। पूर्व मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने बेंगलुरु में कहा कि कांग्रेस पार्टी राजनीति कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी से मिलने के लिए एक सर्वदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व करने के बजाय, राज्य सरकार को शीर्ष अदालत या सीडब्ल्यूएमए में मजबूत तर्क देना चाहिए क्योकि यह मामला सर्वोच्च न्यायालय द्वारा देखा जा रहा है, न कि केंद्र सरकार द्वारा।
बोम्मई ने कहा कि कर्नाटक सरकार के पास दूसरा विकल्प है कि वह अपने गठबंधन में सहयोगी तमिलनाडु की द्रमुम सरकार से बातचीत करे और उसे जमीनी हकीकत से अवगत कराए। उन्होंने कहा कि वे न तो शीर्ष अदालत में मजबूती से अपना तर्क रख रहे हैं और न ही अपने गठबंधन सहयोगी द्रमुक के साथ बातचीत कर रहे हैं।
