नई दिल्ली : कावेरी जल प्रबंधन प्राधिकरण (सीडब्ल्यूएमए) ने सोमवार को कर्नाटक की उस दलील को खारिज कर दिया कि वह तमिलनाडु को कावेरी का पानी देने में असमर्थ है। सीडब्ल्यूएमए ने कर्नाटक सरकार को अगले 15 दिनों तक तमिलनाडु को प्रतिदिन 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने के उसके आदेश का पालन करने का निर्देश दिया है। गौरतलब है कि कर्नाटक सरकार ने राज्य में कावेरी जलग्रहण क्षेत्र में सूखे की स्थिति के कारण 5,000 क्यूसेक पानी छोड़ने में असमर्थता व्यक्त की थी और तर्क दिया था कि उसे अपनी खड़ी फसल की रक्षा करने तथा लोगों को पीने का पानी उपलब्ध कराने के लिए जल की आवश्यकता है। इसके जवाब में तमिलनाडु सरकार ने अगले 15 दिनों के लिए 12,500 क्यूसेक पानी छोड़ने की मांग की। सीडब्ल्यूएमए की बैठक 26 सितंबर तक के लिए स्थगित कर दी गई है।
