बेंगलुरु : कर्नाटक में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने शनिवार को कई जगहों पर छापे मारकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के युवा नेता प्रवीण नेतारु की हत्या के मामले में तीन और लोगों को गिरफ्तार किया। सूत्रों के अनुसार छापे की कार्रवाई दक्षिण कन्नड़ , हुबली और मैसूर जिलों में पांच जगहों पर की गई। छापे के दौरान आपत्तिजनक दस्तावेज और इलेक्ट्रोनिक उपकरण जब्त किए गए।
गिरफ्तार व्यक्तियों की पहचान मोहम्मद इकबाल , के इस्माली शफी और इब्राहित शा के रुप में की गई है। इन तीन को मिलाकर इस मामले में अब तक कुल दस लोग गिरफ्तार किए जा चुके है। इससे पहले 28 जुलाई को जाकिर (29) और शफीक (27) को गिरफ्तार किया गया था। इन दोनों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने दो अगस्त को सदाम (32) और हरीस (42) को गिरफ्तार किया।
ये चारों आरोपी हमलावरों के सम्पर्क में थे जो नेतारु को मारने की योजना बना रहे थे। बाद में पुलिस ने सात अगस्त को आबिद (22) और नौफल (28) को गिरफ्तार किया, जोकि रेकी टीम का हिस्सा थे। उल्लेखनीय है कि 26 जुलाई की रात जिले के सुलिया तालुक के बेल्लारे गांव में मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने भाजपा नेता नेतारु की धारदार हथियारों से हत्या कर दी थी।
