गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

कश्मीर घाटी कड़ाके की ठंड की चपेट में

श्रीनगर : केन्द्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के पहलगाम और सोनमर्ग के पर्यटन स्थलों में हल्की बर्फबारी हुई है, जबकि कश्मीर घाटी में कड़ाके की ठंड पड़ रही है और श्रीनगर में मंगलवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने अनुमान व्यक्त किया है कि अगले 24 घंटों में जम्मू-कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है तथा मौसम शुष्क बना रहेगा।
दक्षिण कश्मीर के पर्यटन स्थल पहलगाम में पूरी रात 3.4 सेंटीमीटर बर्फबारी और 3.7 मिलीमीटर बारिश हुई। पहलगाम कश्मीर घाटी में सबसे ठंडा स्थान बना रहा जहां मंगलवार को तापमान शून्य से 6.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 5.7 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मध्य कश्मीर के गंदेरबल जिले के सोनमर्ग में भी कल देर रात हल्की बर्फबारी हुई। श्रीनगर और घाटी के अन्य हिस्सों में लोगों को कड़ाके की ठंड से राहत नहीं मिली है।
जम्मू -कश्मीर की ग्रीष्मकालीन राजधानी श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि एक दिन पहले यह शून्य से 3.5 डिग्री सेल्सियस नीचे था। मौसम की इस अवधि में वहां का तापमान सामान्य से 2.7 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि पिछली रात तापमान शून्य से 5.0 डिग्री सेल्सियस नीचे था।
श्रीनगर जम्मू राष्ट्रीय राजमार्ग पर काजीगुंड में आज न्यूनतम तापमान शून्य से 3.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि कुकेरनाग में यह शून्य से 2.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार सीमावर्ती कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *