गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

जलवायु परिवर्तन को केंद्र में रख बुंदेलखंड की जलसहेलियों ने बनाया जन घोषणा पत्र

झांसी : उत्तर प्रदेश के सूखाग्रस्त बुंदेलखंड क्षेत्र में जल संरक्षण के लिए धरातल पर जबरदस्त काम करने वाली महिलाओं (जलसहेलियों)ने लोकसभा चुनाव 2024 में इस क्षेत्र के संदर्भ में जलवायु परिवर्तन को ध्यान में रखकर जन घोषणा पत्र तैयार किया है। जल सहेली फाॅउण्डेशन के बैनर तले इन जलसहेलियों ने आज एक प्रेसवार्ता में लोकसभा चुनाव 2024 हेतु बुंदेलखंड के विशेष संदर्भ में तैयार किया गया जन घोषणा पत्र जारी किया।
जल सहेली मीरा देवी ने पत्रकार वार्ता में बताया कि बुंदेलखंड देश का एक अलग भौगोलिक एवं सांस्कृतिक भू भाग है जहां की जलवायु और जैव विविधिता प्रदेश के अन्य हिस्सों से अलग है जिसके लिए सभी राजनीतिक दलों को बुंदेलखंड के लिए पृथक रूप से महत्त्व देने की आवश्यकता है। हमने इस घोषणा पत्र में बुन्देलखंड के उन तमाम अहम मुद्दों को शामिल किया गया है, जिसे सभी राजनीतिक दलों द्वारा अपने घोषणा पत्र में भी समावेश करना चाहिए।
जल सहेली मंज़ूलता ने कहा कि जन घोषणा पत्र में मुख्य रूप से जल संकट, आपदा प्रबंधन एवं जलवायु परिवर्तन को केन्द्र में रखकर बनाया गया है जिसमें शिक्षा, महिला अधिकार, सामाजिक सुरक्षा, बेरोजगारी, पर्यावरण, पर्यटन, कला एवं संस्कृति की समस्याओं को शामिल किया गया है। बुन्देलखंड मे स्थित बुंदेली एवं चंदेलकालीन तालाबों के संरक्षण के लिए सरकार को एक अलग से कार्ययोजना बनाने की जरूरत है।
वार्ता में शामिल हुई अन्य जल सहेलियों ने जल संरक्षण जैसे अहम मुद्दे को प्रमुख रूप से पत्रकारों के समक्ष रखा। उन्होंने अपनी मांगों को राजनेताओं तक पहुंचने के लिये पत्रकारों से अपील की। इस मौके पर मीना, रेखा सहित तमाम जल सहेलियां उपस्थित रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *