गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल और मान ने जालंधर में किया रोड शो

जालंधर : अरविंद केजरीवाल और भगवंत मान ने शनिवार को जालंधर में आप उम्मीदवार के पक्ष में प्रचार करने के लिए जालंधर में रोड शो किया । केजरीवाल ने जालंधर के लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य में आप की सरकार बनने के बाद अब युवाओं को नौकरियां मिल रही है। अनियमित कर्मचारी स्थाई हो रहे हैं। आम लोगों के बिजली के बिल जीरो आने लगे हैं। किसानों को फसलों का भुगतान समय पर हो रहा है। फसलों के नुकसान की मुआवजा राशि भी बढ़ गई है और शहीदों के परिवार को अब एक-एक करोड़ रुपए मिल रहे हैं। यह ईमानदार सरकार की वजह से हो रहा है।
केजरीवाल और पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान जालंधर उपचुनाव में आप उम्मीदवार सुशील कुमार रिंकू के पक्ष में प्रचार करने के लिए जालंधर पहुंचे थे। दोनों नेताओं ने जालंधर शहर के सभी हलकों जालंधर सेंट्रल, जालंधर वेस्ट, जालंधर नॉर्थ और जालंधर कैंट के विभिन्न इलाकों में रोड शो किया और लोगों से ‘आप’ उम्मीदवार को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा, “हम आपके पास एक साल मांगने आए हैं। आपने 60 साल कांग्रेस को दिए। अब 11 महीने हमें देकर देखो। अगर हमारा काम पसंद नहीं आए तो 2024 लोकसभा चुनाव में हमें वोट मत देना।”
मान ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 10 मई को आपके पास झाड़ू का बटन दबाकर संगरूर की तरह रिकॉर्ड बनाने का और अपने बच्चों की किस्मत चमकाने का मौका है। उन्होंने कहा कि झाड़ू का बटन दबाने का मतलब विकास का बटन दबाना है। पंजाब की तरक्की और खुशहाली का बटन दबाना है। उन्होंने जालंधर के लोगों से वादा किया कि हम यहां पीजीआई चंडीगढ़ जैसे उच्च सुविधाओं वाला हॉस्पिटल बनाएंगे। इस हॉस्पिटल में सभी तरह के इलाज और ऑपरेशन भी मुफ्त होंगे और वह भी उच्च दर्जे का।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *