गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल सरकार तुरंत की जाए बर्खास्त: बिधूड़ी

स्टिंग ऑपरेशन ने खोल दी है शराब घोटाले की पोल

नई दिल्ली : दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष रामवीर सिंह बिधूड़ी ने राष्ट्रपति से मांग की है कि केजरीवाल सरकार को फौरन बर्खास्त कर दिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा है कि नया स्टिंग आने के बाद अब इस बात में कोई शक-शुबह नहीं बचा कि केजरीवाल सरकार ने शराब नीति लागू करने में हजारों करोड़ रूपयों का घपला किया और उस पैसे से पंजाब और गोवा में विधानसभा चुनाव लड़ा। केजरीवाल को अब एक पल भी अपने पद पर बने रहने का कानूनी और नैतिक अधिकार नहीं है।
बिधूड़ी ने कहा कि शराब घोटाले में आरोपी अमित अरोड़ा ने एक बार फिर केजरीवाल सरकार की पोल खोल दी है।

उसने साफ तौर पर बताया है कि क्यों दो कंपनियों को सारा बिजनेस दिया गया और उन कंपनियों ने आम आदमी पार्टी को किस तरह अपने कमीशन में से हिस्सा दिया। अब यह भी साफ हो गया है कि किस-किस से कितना पैसा लिया गया। किस प्रकार से घोटाला हुआ और और किस तरह पूरी पॉलिसी घोटाले के लिए ही तैयार की गई। दिल्ली के साथ-साथ अब पंजाब की शराब नीति भी संदेह के घेरे में आ गई है और अब उसकी भी पूरी जांच की जानी चाहिए।
बिधूड़ी ने कहा कि अब तक दो स्टिंग ऑपरेशन सामने आ चुके हैं और केजरीवाल एंड पार्टी पूरी तरह बेइमान साबित हो चुकी है। इसलिए राष्ट्रपति को फौरन इस सरकार को बर्खास्त कर देना चाहिए। दिल्ली की जनता इस भ्रष्ट सरकार को बर्दाश्त करने के लिए तैयार नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *