गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

खरगोन : आंधी के चलते 9 ग्राम प्रभावित

बड़वानी में बिजली से एक मृत, एक घायल

खरगोन/बड़वानी : मध्यप्रदेश के खरगोन क्षेत्र में आंधी तूफान के चलते 9 ग्राम प्रभावित हो गए, वहीं बड़वानी में आज शाम आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की मृत्यु हो गई और उसका 10 वर्षीय पुत्र घायल हो गया। खरगोन के अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) ओम नारायण सिंह बड़कुल ने बताया कि कल सायं खरगोन क्षेत्र के बगूद,रजुर ,रामपुरा ,अकावलिया रमण गांव समेत 9 ग्रामों में आंधी तूफान के चलते नुकसान की सूचना है। उन्होंने बताया कि कई स्थानों पर टीन शेड की चद्दर उड़ने, दीवारें गिरने और वृक्ष उखड़ जाने एवं टूटने की शिकायतें आई है। उन्होंने बताया कि विद्युत पोलो को भी नुकसान पहुंचा है। कई ग्रामों में विद्युत सप्लाई आज तक बहाल नहीं हो पाई है।
उन्होंने बताया कि जिला कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा के निर्देश पर आज सभी ग्रामों में नुकसान का आंकलन कराया जा रहा है। इसके उपरांत क्षतिपूर्ति का निर्धारण किया जाएगा। उन्होंने बताया कि किसी भी स्थान से किसी के घायल होने के नुकसान की सूचना नहीं है। खरगोन के कांग्रेस विधायक रवि जोशी ने क्षेत्र का दौरा कर शासन से क्षतिपूर्ति दिलाए जाने की मांग की है। वहीं क्षेत्रीय सांसद गजेंद्र पटेल और पूर्व मंत्री तथा भाजपा नेता बालकृष्ण पाटीदार ने भी प्रभावित ग्रामों का दौरा कर अधिकारियों से मुलाकात कर आवश्यक कदम उठाने के लिए कहा है।
उधर, बड़वानी जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के में आज शाम आकाशीय बिजली गिरने से 32 वर्षीय मुन्नालाल की मृत्यु हो गई जबकि उसका 10 वर्षीय पुत्र दीपक घायल हो गया। दीपक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र राजपुर लाया गया है। मुन्नालाल और उसका पुत्र दीपक ग्राम चितावल से अपने खेत में काम करने खड़कल गए थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *