चंडीगढ़ : मनोहर लाल खट्टर ने सोमवार पंचकूला के सेक्टर-32 में 30 एकड़ भूमि पर 800 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की आधारशिला रखी। खट्टर ने पत्रकरों को बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) द्वारा बनाए जाने वाले नए मेडिकल कॉलेज और अस्पताल का नाम डॉ. मंगल सेन के नाम पर रखा जाएगा। प्रारंभिक चरण में 500 करोड़ खर्च किये जायेंगे। पूरी परियोजना 30 महीने के भीतर पूरी होने की उम्मीद है। इस मेडिकल कॉलेज में 100 एमबीबीएस सीटें होंगी।
उन्होंने कहा कि 2014 में सत्ता संभालने के बाद, हमने राज्य के प्रत्येक जिला में एक मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित करने की घोषणा की थी। दो जिलों चरखी दादरी और पलवल को छोड़कर हर जिले में मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थापित किये गये हैं।
मुख्यमंत्री ने खुलासा किया कि युगांडा सहित कुछ अफ्रीकी देशों ने हरियाणा के साथ समझौते करने और अपने छात्रों को एमबीबीएस पाठ्यक्रमों के लिये हरियाणा भेजने में रुचि व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि युगांडा की जनसंख्या हरियाणा के बराबर है लेकिन वहां पर केवल दो मेडिकल कॉलेज हैं।
खट्टर ने मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की आधारशिला रखी
