गन्ने की अगेती फसल दर में वृद्धि
चंडीगढ़ : मनोहर लाल खट्टर ने राज्य के गन्ना उत्पादक किसानों को दिवाली का तोहफा देते हुये गन्ने की अगेती फसल मूल्य में आज वृद्धि करने की घोषणा की। खट्टर ने कहा कि सरकार ने इस वर्ष के लिए गन्ने की अगेती किस्म के लिये मूल्य 372 रुपये प्रति क्विंटल से बढ़ाकर 386 रुपए प्रति क्विंटल कर दिया जोकि 14 रुपये प्रति क्विंटल की वृद्धि है। उन्होंने अगले साल के लिये भी गन्ने की दरों में वृद्धि करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि अगले वर्ष जिन दिनों गन्ने का भाव घोषित होता है, उन दिनों में चुनाव आचार संहिता लगी होगी।
इसलिये विभाग से परामर्श कर अगले वर्ष के लिए गन्ने का रेट 400 रुपये प्रति क्विंटल घोषित किया जाता है। उन्होंने कहा कि सरकार के इस निर्णय का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि गन्ना किसानों को उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण के लिए उचित मूल्य मिले और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार हो। उन्होंने कहा कि गन्ने की दरों में उल्लेखनीय वृद्धि कर गन्ना किसानों को प्रोत्साहित किया गया है तथा उनका वादा है कि किसानों को उसका समर्थन जारी रहेगा। राज्य सरकार किसान के कल्याण के लिये प्रतिबद्धता हैं। इसका एक मात्र प्रमाण यह है कि राज्य में 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जाती है।
