नई दिल्ली : साइकिलिंग, तैराकी और कुश्ती की खेलो इंडिया महिला लीग की शुरुआत देश के अलग-अलग हिस्सों में शनिवार से होगी। इन प्रतियोगिताओं का आयोजन युवा मामले एवं खेल मंत्रालय के सौजन्य से हो रहा है। खेलो इंडिया महिला साइकिलिंग लीग के ज़ोन-1 का आयोजन लुधियाना, कुरुक्षेत्र एवं पंचकुला में होना है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) के अनुसार, सरकार ने तीन जोन में होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया को कुल 19.78 लाख रुपये की मंजूरी दी है। टूर्नामेंट के लुधियाना चरण में करीब 200 साइक्लिस्ट हिस्सा लेंगे।
दूसरी ओर, जूनियर (अंडर-18) और यूथ (अंडर-15) आयु वर्ग में खेलो इंडिया जूनियर महिला तैराकी शृंखला का दूसरा राउंड लखनऊ, असम, केरल, अहमदाबाद और भुवनेश्वर में होने वाला है, जिसमें लगभग 900 प्रतियोगियों के भाग लेने की उम्मीद है। तैराकी का पहला राउंड अगस्त में नयी दिल्ली, गुजरात, कर्नाटक, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल में हुआ था। साई के मुताबिक खेल मंत्रालय ने भारतीय तैराकी महासंघ को इस शृंखला के लिये कुल 1.02 करोड़ रुपये आवंटित किये हैं।
खेलो इंडिया महिला कुश्ती लीग के दूसरे चरण का आयोजन हरिद्वार (उत्तराखंड) में 14 नवंबर से किया जाएगा। सीनियर और अंडर-17 वर्ग के टूर्नामेंट में करीब 400 पहलवान हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय कुश्ती चैंपियनशिप और ओपन राष्ट्रीय रैंकिंग कुश्ती टूर्नामेंट के शीर्ष 10 पहलवान प्रतियोगिता के प्रत्येक भार वर्ग में भाग लेंगे।
खेलो इंडिया महिला लीग आज से
