कोटा : राजस्थान में कोटा जिले की रानपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को ओडिशा से तस्करी कर लाया गया ढाई करोड़ का गांजा बरामद किया। पुलिस अधीक्षक (शहर) के अनुसार ने जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी की रोकथाम के तहत चलाए जा रहे अभियान में नाकाबंदी के दौरान एक सन्दिग्ध डस्टर गाड़ी को रोककर तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे प्लास्टिक के बोरे से 132 किलो 300 ग्राम गांजा बरामद किया गया और इस मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।
बरामद मादक पदार्थ गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब ढाई करोड रुपए है। इस मामले में डस्टर गाड़ी सवार तस्कर कालूराम उर्फ कालू यादव (23) निवासी थाना रेलमगरा जिला राजसमंद तथा राजमल बंजारा (24) निवासी थाना पारोली जिला झालावाड़ को एनडीपीएस एक्ट में गिरफ्तार किया गया। तस्करी के घटनाक्रम में किसी अंतरराज्यीय गिरोह के सम्मिलित होना प्रतीत होने पर पुलिस टीम आरोपियों से गहनता से अनुसंधान में जुटी है।
