14 दिन की न्यायिक हिरासत
चंडीगढ़ : कांग्रेस के पूर्व विधायक एवं पार्टी की फिरोजपुर इकाई के अध्यक्ष कुलबीर सिंह जीरा को सरकारी कार्य में बाधा डालने और रिकॉर्ड से छेड़छाड़ करने के आरोप में मंगलवार तड़के गिरफ्तार कर लिया गया। जीरा को पुलिस ने को उप-विभागीय न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया, जहां से उन्हें 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। एक खंड विकास पंचायत अधिकारी की शिकायत पर 12 अक्टूबर 2023 को कार्रवाई करते हुए पुलिस ने जीरा के खिलाफ सरकारी अधिकारियों को उनके कर्तव्यों का पालन करने से कथित रूप से बाधित करने के लिए इस महीने की शुरुआत में उन पर मामला दर्ज किया गया था।
जीरा और अन्य ने बीडीपीओ दफ्तर के समक्ष रोष प्रदर्शन किया था। मंगलवार को सुबह जीरा ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रेस कांफ्रेंस करने का एलान किया था लेकिन पुलिस ने उन्हें मंगलवार सुबह ही गिरफ्तार कर लिया। जीरा को रुपनगर की जिला जेल लाया गया है। यहां कांग्रेस नेताओं ने पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
कांग्रेस नेताओं की अगुवाई ब्लॉक कांग्रेस के अध्यक्ष सरबजीत सिंह और जिला उप प्रधान चरणजीत सिंह चन्नी कर रहे थे। पंचायत अधिकारी ने आरोप लगाया था कि कांग्रेस नेता अपने 80 समर्थकों के साथ जबरन जीरा में ब्लॉक विकास कार्यालय में घुस गये और आधिकारिक कार्यवाही में बाधा डाली, आधिकारिक रिकॉर्ड को खतरे में डाल दिया,जिससे कार्यालय को महत्वपूर्ण नुकसान हो सकता था।
