मुंबई : केंद्रीय सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्रालय के अंतर्गत आने वाले खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग अध्यक्ष मनोज कुमार ने यहां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में खादी प्रेमियों को बहुप्रतीक्षित ‘खादी योग मैट’ का उपहार दिया।
इस अवसर पर श्री कुमार ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ हर रोज नए प्रतिमान स्थापित कर रहा है। ‘खादी योग मैट’ भी उसी अभियान का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि यह पूर्णतः स्वदेशी है और पर्यावरण के अनुकूल है। इसे इस तरह से डिजाइन किया गया है कि हर तरह के योगासन अभ्यास इस पर किये जा सके।
इस अवसर पर उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम (पीएमईजीपी) योजना के अंतर्गत पश्चिम जोन के 237 लाभार्थियों को करीब 25 करोड़ रुपये का मार्जिन मनी अनुदान जारी किया। साथ ही वित्त वर्ष 2022-23 ऐतिहासिक 1.34 लाख करोड़ रूपए के कारोबार को पार करने के लिए केवीआईसी के अधिकारियों, कर्मचारियों और ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत लाखों खादी कारीगरों को बधाई दी।
उन्होंने कहा कि खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ योगाभ्यास और प्राणायाम किया और कहा कि वर्ष 2014 में, प्रधानमंत्री मोदी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में योग दिवस मनाने का प्रस्ताव दिया था, जिसे तीन महीने के भीतर स्वीकार कर लिया गया और 21 जून 2015 को पहली बार अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। श्री मोदी की प्रेरणा से योग गुरु के रूप में, भारत दुनिया को योग का पाठ पढ़ा रहा है।
कुमार ने श्री मोदी के नेतृत्व में ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान एवं “वोकल फॉर लोकल” की अवधारणा को खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग (केवीआईसी ) ने नई ऊंचाइयों पर पहुंचाते हुए विश्व के सामने बुलंद भारत की बुलंद तस्वीर प्रस्तुत की है। स्वतंत्र भारत के इतिहास में पहली बार केवीआईसी के उत्पादों का कारोबार 1.34 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है, जबकि ग्रामीण क्षेत्र में 9,54,899 नये रोजगारों का सृजन हुआ है। उन्होंने कहा कि आज जिस ‘खादी योग मैट’ की लॉन्चिंग हुई है, वह खादी कारीगरों के हुनर से तैयार स्वदेशी उत्पाद है। इस नये लोकल उत्पाद के लिए हम सभी को वोकल होना पड़ेगा। जब हम अपने उत्पादों के लिए ‘वोकल फॉर लोकल’ होंगे तभी हमारे प्रोडक्ट्स ‘लोकल टू ग्लोबल’ की श्रेणी में पहुंच पाएंगे।
उन्होंने खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग की ऐतिहासिक उपलब्धियों को दोहराते हुए कहा कि श्री मोदी के स्वदेशी अभियान से देश के युवाओं को जोड़ने के लिए पीएमईजीपी ने नया कीर्तिमान स्थापित किया है। यह योजना ‘नौकरी मांगने वाले के बजाय नौकरी देने वाला बनने’ के सपने को साकार करती है। उन्होंने प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम के अंतर्गत पश्चिमी क्षेत्र के 237 लाभार्थियों को डिजिटल माध्यम से 25.00 करोड़ रुपये की मार्जिन मनी का वितरण भी किया। इन लाभार्थियों द्वारा स्थापित इकाइयों के माध्यम से लगभग 2,607 लोगों को अतिरिक्त रोजगार का अवसर प्राप्त होगा। कार्यक्रम में खादी एवं ग्रामोद्योग आयोग के अधिकारी और कर्मचारिगण उपस्थित रहे।
कुमार ने मुंबई ‘खादी योग मैट’ को किया लॉन्च
