गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

लाडली बहना योजना सबसे बड़ी योजना

शिवपुरी : शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी योजना है लाडली बहना योजना जिसमें सवा करोड़ बहनों के खातों में एक हजार रुपए प्रति माह पहुंच रहे हैं। चौहान ने जिले के पिछोर में लाडली बहना सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में काम करते हुए लाडली लक्ष्मी योजना एवं अब लाडली बहना योजना का क्रियान्वयन किया जा रहा है।

मां बहनों की जीवन से गरीबी दूर करना हमारा एकमात्र लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सिंचाई के लिए भी पानी उपलब्ध कराया जाना हमारी प्राथमिकता है। इसलिए सिंचाई योजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है तथा पिछोर की सन घटा सिंचाई परियोजना भी लगभग 150 करोड़ की लागत से जल्दी ही पूरी होगी। इससे 10 हजार किसानों को सिंचाई की सुविधा उपलब्ध होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में, विदेश में और अब चंद्रमा पर भी भारत का तिरंगा फहराया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं के माध्यम से देश भर में काम किया जा रहा है। इस अवसर पर चौहान ने पिछोर क्षेत्र में 409 करोड रुपए के कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।
इस अवसर पर नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि इस सिंचाई योजना के पूरा होने से पिछोर का क्षेत्र भी पंजाब की तरह हरा भरा होगा। उन्होंने कहा कि चौहान ने लाडली लक्ष्मी योजना एवं लाडली बहना योजना के माध्यम से महिला सशक्तिकरण की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किया है। उन्होंने कहा कि सिंधिया परिवार से इस क्षेत्र का पुराना रिश्ता रहा है।

सिंधिया परिवार ने इस क्षेत्र के विकास के लिए काम किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार एवं प्रदेश सरकार योजनाओं के माध्यम से लोगों के जीवन स्तर में बड़ा बदलाव लाने का काम कर रही है। इस मौके पर क्षेत्रीय सांसद के पी यादव एवं जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट तथा भाजपा द्वारा घोषित प्रत्याशी प्रीतम लोधी भी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *