गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने मप्र गई ललितपुर पुलिस पर हमला

ललितपुर : उत्तर प्रदेश में दुष्कर्म के एक आरोपी को पकड़ने के लिये बुधवार को मध्य प्रदेश गयी ललितपुर पुलिस पर हमला किया गया, जिसमें चौकी प्रभारी सहित सिपाही घायल हो गये। पुलिस के अनुसार मध्य प्रदेश में जनपद टीकमगढ़ के ग्राम बलदेवगढ़ में दुष्कर्म के आरोपी को पकड़ने गई ललितपुर पुलिस पर कुल्हाड़ी से हमला किया गया। जिसमें चौकी प्रभारी और एक सिपाही घायल हो गये। इस मामले में एक नाबालिग किशोरी के साथ बलात्कार का मुकदमा यहां सदर कोतवाली में दर्ज किया गया था। जिसमें राहुल सहरिया सहित पांच लोगों पर नाबालिग किशोरी को बहला फुसलाकर भगा ले जाने और रेप करने का मामला दर्ज हुआ।
पुलिस ने इस मामले के चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन एक आरोपी राहुल सहरिया पुलिस की पकड़ में नहीं आया था। मुखबिर द्वारा जानकारी मिलने पर आरोपी राहुल सहरिया को गिरफ्तार करने के लिए गोविन्द सागर बांध पुलिस चौकी प्रभारी साजेश कुमार, सिपाही अश्वनी कुमार के साथ जिला टीकमगढ़ के ग्राम बलदेवगढ़ गये। उन्होंने गिरफ्तार करने के लिये आरोपी राहुल सहरिया के यहां दबिश दी। उसी दौरान राहुल और उसके परिजनों ने कुल्हाड़ी से पुलिस पर हमला कर दिया।

जिसमें चौकी प्रभारी साजेश कुमार के कान कट जाने के कारण वह गंभीर रूप से घायल हो गये। इस हमले में सिपाही भी चोटिल हो गया। आरोपी पुलिस पर हमला करने के बाद घटनास्थल से भाग गये। घायल चौकी प्रभारी व सिपाही को उपचार हेतु बलदेवगढ़ पुलिस चिकित्सालय लाया गया। टीकमगढ़ पुलिस ने घायल पुलिसकर्मियों की तहरीर पर आरोपी राहुल सहरिया, उसके भाई अजय और विजय सहित चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *