श्रीनगर : सुरक्षा बलों ने जम्मू-कश्मीर के कुलगाम जिले में चार आतंकवादी सहयोगियों की गिरफ्तारी के साथ लश्कर-ए-तैयबा (एलईटी) के ‘आतंकवादी मॉड्यूल’ का भंडाफोड़ किया है और हथियार और गोला-बारूद बरामद किया है। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।
जम्मू -कश्मीर पुलिस ने गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) यूए (पी) अधिनियम के तहत दर्ज एक मामले पर कार्रवाई करते हुए, 1 राष्ट्रीय राइफल्स (आरआर) और 18 बीएन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के साथ कुलगाम में चार आतंकवादी सहयोगियों को गिरफ्तार किया और उनके पास से हथियार तथा गोला-बारूद बरामद किया।
आतंकवादी सहयोगियों की पहचान जहूर अहमद पंडित, बसीर हुसैन पंडित, इम्तियाज गुल और गुलजार अहमद खार के रूप में की गई है। सभी वानपोरा के रहने वाले हैं। पुलिस ने कहा कि उनके कब्जे से एक पिस्तौल, दो पिस्तौल मैगजीन, 20 पिस्तौल राउंड, चार यूबीजी और 24 इंसास राउंड बरामद किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है।
