तिरुवनंतपुरम: केरल में सत्तारूढ़ मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नीत वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) और कांग्रेस नीत विपक्षी यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) पर आतंकवादी संगठनों से सहानुभूति रखने का आरोप लगाते हुए भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने दोनों गठबंधनों से सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के साथ अपने संबंधों को स्पष्ट करने की मांग की।
भाजपा के प्रदेश प्रभारी प्रकाश जावड़ेकर ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कहा, “UDF और यूडीएफ को SDPI के साथ अपने संबंधों को स्पष्ट करना चाहिए। दोनों मोर्चा हमेशा आतंकवादी संगठनों के प्रति सहानुभूति रखते थे।” उन्होंने ये बातें जावड़ेकर ने सोशल डेमोक्रेटिक पार्टी ऑफ इंडिया (SDPI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एमके फैजी की गिरफ्तारी पर प्रतिक्रिया देते हुए कही। SDPI कथित तौर पर प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन PFI का एक राजनीतिक मोर्चा है। उन्होंने कहा, “अदालत के समक्ष जांच के खुलासे से पता चलता है कि SDPI और कुछ नहीं बल्कि PFI है।”
उन्होंने कहा, “मोदी सरकार ने पीएफआई पर प्रतिबंध लगा दिया है और SDPI का पर्दाफाश किया है, जिसके अध्यक्ष को गिरफ्तार किया गया है।” गौरतलब है कि फैजी को तीन मार्च को नयी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय (IGI) हवाई अड्डे से धन शोधन निवारण अधिनियम (PMLA) के प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पटियाला हाउस अदालत ने उन्हें छह दिनों के लिए प्रवर्तन निदेशालय (ED) की हिरासत में भेज दिया है। ED ने PMLA, 2002 के तहत PFI और अन्य के खिलाफ जांच शुरू की। जांचकर्ताओं ने दावा किया है कि PFI के पदाधिकारी, सदस्य और कैडर भारत भर में आतंकवादी कृत्यों को अंजाम देने और उन्हें वित्तपोषित करने के लिए बैंकिंग चैनलों, हवाला, दान आदि के माध्यम से भारत और विदेशों से धन जुटाने/एकत्र करने की साजिश कर रहे थे। तीन दिसंबर, 2020 को PFI और उसके पदाधिकारियों से संबंधित विभिन्न स्थानों पर की गई तलाशी कार्रवाई के दौरान, केंद्रीय एजेंसी ने कई आपत्तिजनक दस्तावेज और डिजिटल साक्ष्य खोजे और जब्त करने का दावा किया।
ED ने दावा किया है कि दस्तावेज यह साबित करते हैं कि PFI SDPI की गतिविधियों को नियंत्रित, वित्त पोषित और पर्यवेक्षण करता है। SDPI PFI का एक मुखौटा है, जिसमें सामान्य सदस्य/कैडर और नेता हैं और SDPI अपने दिन-प्रतिदिन के कार्यों, नीति निर्माण, चुनाव अभियान के लिए उम्मीदवारों का चयन, सार्वजनिक कार्यक्रम, कैडर जुटाना और संबंधित गतिविधियों के लिए PFI पर निर्भर है। यूनिटी हाउस, कोझीकोड (PFI का केरल राज्य मुख्यालय) में की गई तलाशी के दौरान “संगठन और पार्टी के बारे में वैचारिक स्पष्टता” शीर्षक वाला एक दस्तावेज बरामद किया गया। एजेंसी ने दावा किया है कि यह दस्तावेज PFI के वास्तविक उद्देश्यों की अंतर्दृष्टि प्रदान करता है, इसे एक ऐसे संगठन के रूप में वर्णित करता है, जो सभी रूपों में जिहाद के सिद्धांतों का समर्थन करके भारत में एक इस्लामी आंदोलन को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। यूनिटी हाउस, कोझिकोड में की गई तलाशी के दौरान ‘फैजी साहब’ को संबोधित एक पत्र भी बरामद किया गया, जिसमें राज्य विधानसभा और संसदीय चुनावों के लिए ‘उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया’ का उल्लेख है।
दस्तावेज़ से पता चलता है कि PFI विधानसभा और संसदीय चुनावों के लिए उम्मीदवारों के चयन की प्रक्रिया पर SDPI को निर्देश दे रहा था। ऐसा आरोप लगाया गया है। ‘फ़ैज़ी साहब’ (कथित तौर पर एम.के. फ़ैज़ी) को संबोधित पत्र, उम्मीदवार चयन के लिए एक विस्तृत और संरचित रूपरेखा प्रस्तुत करता है, जिसमें संगठन के कई स्तर शामिल हैं। इसके अलावा, बैठकों के मिनटों और हस्तलिखित दस्तावेजों की कई प्रतियाँ हैं, जो SDPI द्वारा लड़े गए चुनावों को PFI द्वारा वित्तपोषित करने के साक्ष्य और SDPI को खाड़ी देशों में धन एकत्र करने के लिए PFI की राष्ट्रीय कार्यकारी परिषद (NEC) द्वारा अनुमोदन का खुलासा करती हैं। ऐसा कहा जाता है कि PFI ने पुलिस द्वारा दर्ज आपराधिक मामलों में आरोपी SDPI सदस्यों के कानूनी खर्चों को भी वहन किया है, जिन्हें यूनिटी हाउस, कोझीकोड में की गई तलाशी के दौरान जब्त किया गया है। एक अन्य डायरी कथित रूप से जब्त की गई जिसमें 16-17 मार्च, 2019 की PFI की राज्य कार्यकारी समिति (SEC) की बैठकों के हस्तलिखित विवरण हैं, जो बताते हैं कि PFI ने चुनाव संबंधी उद्देश्य के लिए SDPI को 3.75 करोड़ रुपये का वित्त पोषण किया। SDPI की ओर से पीएफआई द्वारा किए गए खर्च, जैसा कि तलाशी के दौरान जब्त की गई डायरियों और अन्य दस्तावेजों से पता चला है। PFI के बैंक खातों में नहीं दिखाई देते हैं। एजेंसी ने दावा किया है कि देश में हिंसक और आतंकवादी गतिविधियों को अंजाम देने के लिए धन जुटाने की आपराधिक साजिश को आगे बढ़ाने के लिए PFI द्वारा विदेशी देशों, मुख्य रूप से खाड़ी देशों से इस तरह के फंड एकत्र किए गए हैं और इस तरह के फंड देश में स्थानीय स्तर पर रमजान संग्रह (RC) के नाम पर भी जुटाए गए हैं।
