जौनपुर : भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी की टीम ने सोमवार को जौनपुर जिले में मछलीशहर तहसील एवं मीरगंज थाना क्षेत्र के गांव भिदूना के हल्का लेखपाल को सात हजार रुपए घूस लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। भ्रष्टाचार निवारण संगठन के निरीक्षक नीरज कुमार सिंह के अनुसार मछलीशहर तहसील के भिदूना गांव निवासी सुनील सिंह ने शिकायत की थी कि वह सम्पूर्ण समाधान दिवस में अपनी आराजी संख्या 1140 की पैमाइश कराने के बाबत प्रार्थना पत्र दिया था। हल्का लेखपाल मुकेश यादव से पैमाईश करने और रिपोर्ट लगवाने के लिए कई बार कहा तो उन्होंने सात हजार रुपए की मांग की, इसकी शिकायत सुनील सिंह द्वारा भ्रष्टाचार निवारण संगठन वाराणसी के कार्यालय में की गई।
उन्होंने कहा कि संगठन के अधिकारियों द्वारा बनाई गई योजना के अनुसार आज सोमवार को लेखपाल को गांव में पैसा देने के लिए बुलाया गया। दोपहर में बिरजन के घर के पास सड़क पर सुनील सिंह ने जब लेखपाल मुकेश यादव को सात हजार रुपए दिया तभी पहले से मौजूद टीम के सदस्यो ने उन्हें हिरासत में ले लिया और उनके जेब से उक्त धनराशि बरामद कर हाथ धुलवाया तो हाथ लाल हो गया। टीम के सदस्य गिरफ्तार लेखपाल को लेकर मछलीशहर कोतवाली पहुंचे जहा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा में मुकदमा दर्ज कराया गया है।
घूस लेते लेखपाल गिरफ्तार
