गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

तेंदुये ने किया युवक पर हमला

बाराबंकी : उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के रामनगर क्षेत्र में पिंजरा तोड़ने में सफल तेंदुये ने वीडियो बना रहे युवक पर हमला कर घायल कर दिया और गन्ने के खेत में भाग निकला। वन विभाग के सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि खरगोश और जंगली जानवरों को फंसाने के लिए लगाए गए लोहे के पिंजरे में तेंदुआ का पैर जा फंसा।

सुबह ग्रामीण खेतों पर गए तो उनकी नजर तेंदुए पर पड़ी। इसी दौरान एक युवक वीडियो बना रहा था। तेंदुए ने युवक पर हमला बोल दिया जिससे वह घायल हो गया। ग्रामीणों की भीड़ देख तेंदुआ पास के ही गन्ने के खेत में जा घुसा। मौके पर पहुंची वन विभाग की टीम ने खेत को चारों और जाल से घेरकर पिंजरा लगा दिया है।
उन्होने बताया कि रामनगर के नंदऊ पारा गांव के पास शिकारियों ने झाड़ियों में जगह-जगह लोहे के जाल छिपाकर लगा रखे थे। यह लोहे का शिकंजानुमा जाल खरगोश पकड़ने के लिए शिकारी लगाते हैं। आज सुबह लोग खेतों की तरफ पहुंचे तो तेंदुए की दहाड़ सुन ठिठक गए। जैसे ही नजर माइनर पटरी पर पड़ी तो तेंदुआ फंसा था। इसकी सूचना लोगों ने गांव वालों को दी तो तेंदुआ देखने वालों की मौके पर भारी संख्या में भीड़ जुट गई।
ग्राम प्रधान ने वन विभाग और पीआरवी को तेंदुआ फंसने की सूचना दी गई। भारी संख्या में लोग जमा हुए तो तेंदुआ भयभीत हो गया और शिकंजा तोड़कर नहर पटरी के किनारे लगे गन्ने के खेत में घुस गया। इस दौरान वीडियो बना रहे सुढियामऊ निवासी वसीम पर तेंदुए ने हमला कर घायल कर दिया। सूचना पर पहुंचे वन रेंजर फतेहपुर प्रमोद कुमार सिंह ने वन रक्षकों और ग्रामीणों की मदद से गन्ने के खेत को चारों ओर जाल से घेर लिया है। पिंजरा रखने की तैयारी शुरू की गई है। वन विभाग की टीम तेंदुआ पकड़ने के लिए लग गई है ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *