गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

टिहरी के हर ब्लॉक में खुलेगा पुस्तकालय

नयी टिहरी, उत्तराखंड : सोशल मीडिया के कारण पुस्तकों से मोहभंग जैसी स्थिति के बीच टिहरी जिला प्रशासन ने हर एक ब्लॉक में एक पुस्तकालय खोलने और दूरस्थ क्षेत्र के स्मार्ट गांव को कंप्यूटर से लैस करने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। टिहरी जिला सूचना कार्यालय के अनुसार जिला अधिकारी मयूर दीक्षित ने यहाँ जिला खनिज फाउंडेशन न्यास की समीक्षा बैठक के दौरान यह जानकारी दी।

दीक्षित का पुस्तकों तथा पुस्तकालय से गहरा लगाव है और यही कारण है कि वह टिहरी के पहले जिलाधिकारी है जिन्होंने पुरानी टिहरी के बांध की झील में डूबने के बाद नई टिहरी शहर में शायद पहली बार पिछले दिनों शहर में स्थित 100 साल पुरानी श्रीदेव सुमन लाइब्रेरी का दौरा करके जताया है कि पुस्तकों के प्रति पाठकों एवं प्रशासन का प्रेम कम नहीं हुआ है।
दीक्षित ने कहा कि लोगों में पढ़ने की इच्छा शक्ति विकसित की जानी चाहिए और इसके लिए ब्लॉक स्तर पर अधिकारियों को पुस्तकालय का निर्माण करना चाहिए ताकि वहां जाकर के लोग पढ़ने की अपनी ललक को पूरा कर सके। उन्होंने स्वास्थ्य जैसी जरूरी सुविधाएं लोगों को देने के लिए भी अधिकारियों को ध्यान देने का निर्देश दिया।
जिलाधिकारी ने खनन प्रभावित क्षेत्रों में जिन स्कूलों में शौचालय नहीं है, वहां शौचालय बनाने, जहां अधिक आवाजाही हो वहां एक हाईटेक चिकित्सा केंद्र बनाने, छोटी आंगनवाड़ी केंद्रों में विद्युत व्यवस्था के लिए सोलर पैनल लगाने, हर ब्लॉक के सुदूर क्षेत्रों में एक एक स्मार्ट विलेज में कंप्यूटर सुविधा उपलब्ध कराने के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं।
उन्होंने हर ब्लॉक में एक एक लाइब्रेरी बनाए जाने, क्षेत्रों में हैंडपंप लगाने, चिकित्सा केंद्रों में स्वास्थ्य उपकरण, पुलिया निर्माण, सुरक्षा दीवार आदि को लेकर संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली। इसके साथ ही ऐसे स्कूल जो निर्वाचन हेतु पोलिंग स्टेटेशन बनाए गए हैं और जिनमें कार्य किए जाने हैं, उनके एस्टीमेट उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए हैं। सभी एसडीएम को सख्त निर्देश दिए गए है कि जन्म मृत्यु प्रमाण पत्र बनाने के लिए लोग अनावश्यक इधर-उधर न भटके इसके लिए प्रचार-प्रसार करना सुनिश्चित करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *