भुवनेश्वर : ओडिशा के जगतसिंहपुर जिले के कुजंगा प्रखंड के बरहडीहा गांव में शनिवार तड़के आकाशीय बिजली गिरने से एक मां और उसके दो पुत्र गंभीर रूप से झुलस गए। आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बारिश के दौरान तड़के करीब तीन बजे बिजली गिरने से गैस सिलेंडर फट गया, जिससे फूस से बना घर जलकर राख हो गया। तत्काल दमकल कर्मी सूचना पाकर घटनास्थल पहुंच गए और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दमकल कर्मियों के पहुंचने से पहले ही एक ही परिवार के तीन सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। तीनों को तत्काल कुजंगा अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ने के बाद, कटक में स्थित एससीबी मेडिकल कॉलेज और अस्पताल स्थानांतरित कर दिया गया। उन्होंने बताया कि स्थानीय बीडीओ व तहसीलदार मौके पर पहुंच कर नुकसान का जायजा ले रहे हैं।
