खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के भीकनगांव थाना क्षेत्र में बाढ़ में फंसी कार से सवा लाख रुपए की शराब बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। भीकनगांव के अनुविभागीय अधिकारी (पुलिस) संजू चौहान ने बताया कि हाल ही में हुई अतिवृष्टि के चलते एक कार ग्राम नीम सेठी एवं पुनासला के बीच अगड़िया नदी की पुलिया पर फंस गई थी। मुखबिर की सूचना पर उस कार पर नजर रखी गई और जल स्तर कम होने पर उसे बाहर निकाला गया। इस कार के पिछले हिस्से में 14 पेटी अंग्रेजी शराब और 28 पेटी देशी शराब निकली।
इस मामले में इंदौर के बेटमा थाना क्षेत्र निवासी रवि केवट और धार जिले के सादलपुर थाना निवासी अनिल कलोता को गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि कार को भी जब्त कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि वह इंदौर से शराब लेकर खरगोन जिले के चैनपुर क्षेत्र के लिए निकले थे लेकिन रास्ते में मोहन खेड़ी में बाढ़ का पानी देखकर दूसरे रास्ते की ओर मुड़ गए थे।
दूसरी ओर बाढ़ का पानी आ जाने के चलते उन्होंने अपनी कार खड़ी कर दी थी। लेकिन अधिक पानी आ जाने वह बहने लगी। उन्होंने उस कार को पुलिया के खंभे से बांध दिया और खुद सुरक्षित निकल आए। भीकनगांव की थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने बताया कि दोनों को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उनका दो दिन का पुलिस रिमांड प्राप्त किया गया है।
