गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

श्रीगंगानगर में शराब ठेके के सेल्समैन की हत्या

श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर में जवाहर नगर थाना क्षेत्र में अबोहर मार्ग पर पंजाब सीमा से लगते गांव साधुवाली में अज्ञात बदमाशों द्वारा शराब ठेके के सेल्समैन की हत्या करने का मामला सामने आया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार लोगों ने आज सुबह ठेके के बाहर सेल्समैन राहुल (25) को खून से लथपथ मृत हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटनास्थल को पुलिस ने अपने सुरक्षा घेरे में ले लिया। मौके पर विधि विज्ञान प्रयोगशाला (एफएसएल), एमओबी तथा डॉग स्क्वायड की टीमों को बुलाया गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक राहुल मूल रूप से मैनपुरी (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। वह पिछले काफी समय से इस ठेके पर सेल्समैन था। हत्यारों का पता लगाने के लिए पुलिस ठेके के आसपास की दुकानों तथा कुछ दूरी पर मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को चेक कर रही है। अभी तक हत्या करने वालों का पता नहीं चला है। घटना स्थल पर वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी पहुंचे। इस बीच जानकारी मिली है कि आबकारी विभाग ने यह ठेका तीन दिन पूर्व भी एक नए लाइसेंसी को आवंटित किया था। पूर्व के लाइसेंसी ने 30 जून के बाद ठेका चलाए रखने में असमर्थता व्यक्त की थी। नए लाइसेंसी ने एक जुलाई को यह ठेका संभाला और कल मंगलवार को इसमें अंग्रेजी और देसी शराब का स्टॉक रखवाया था। कल पहले दिन की बिक्री के लगभग 23 हजार रुपए लाइसेंसी का एक रिश्तेदार रात 9 बजे जाकर सेल्समैन राहुल से ले गया था।
पुलिस सूत्रों के अनुसार अभी तक हत्या की कोई वजह भी सामने नहीं आई। मृतक राहुल पूर्व लाइसेंसी के समय भी इसी ठेके का सेल्समैन था। नए लाइसेंसी ने राहुल को नहीं हटाया।उसे ही सेल्समैन रख लिया था। पुलिस हत्या की जुटी को सुलझाने में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *