गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

विशेष अभियान के तहत शराब जब्त

शिमला : आबकारी विभाग ने हिमचाल प्रदेश में चलाये गये विशेष अभियान के दौरान विभिन्न स्थानों से जब्त की गयी 19151 शराब की बोतलें और 68145 लीटर लहान नष्ट कर दिया। राज्य कर एवं आबकारी विभाग के प्रवक्ता ने शुक्रवार को यहां बताया कि आयुक्त यूनुस के नेतृत्व में एक टीम ने आबकारी अधिनियम के तहत परिसरों का निरीक्षण करते हुए आबकारी नीति के नियमों और शर्तों के उल्लंघन के लिए 19151 शराब की बोतलें जब्त की थी। आयुक्त स्वयं राज्य के विभिन्न जिलों का दौरा कर अवैध शराब के खिलाफ अभियान में टास्क फोर्स के साथ कार्रवाई कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सभी टास्क फोर्स चौबीसों घंटे अपने-अपने क्षेत्रों में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि पिछले 24 घंटों के दौरान, डीसीएसटीई सिरमौर के तहत गठित टास्क फोर्स ने सिरमौर जिला के खारा, पांवटा साहिब तहसील के जंगलों में छापेमारी की और लगभग 48,300 लीटर लहन को नष्ट किया। टास्क फोर्स ने शराब की दो भट्टियां और अन्य उपकरण नष्ट कर दिए।
उन्होंने बताया कि पूरे ऑपरेशन की वीडियो ग्राफी भी की गई। उन्होंने कहा कि पुलिस नूरपुर जिला में पंजाब की सीमा से सटे इलाकों में डीसीएसटीई नूरपुर के तहत विभाग की टीम और पंजाब आबकारी विभाग के अधिकारियों और पुलिस के समन्वय से इंदौरा इलाके में संयुक्त कार्रवाई कर करीब 18000 लीटर लहन जब्त किया। उन्होंने बताया कि आबकारी अधिनियम के तहत जब्त लहन को मौके पर ही नष्ट कर दिया।
उन्होंने बताया कि लहन निर्माताओं ने जमीन के नीचे गड्ढे बनाकर इस शराब को ड्रम और प्लास्टिक के तिरपालों में छिपा दिया था। उन्होंने बताया कि ठाकुरद्वारा थाने में 125 लीटर लहन की जब्ती के संदर्भ में प्राथमिकी दर्ज की गयी है। उल्लेखनीय है कि हिमाचल प्रदेश में 12 नवंबर यानी शनिवार को विधानसभा चुनावों के लिए मतदान होने वाला है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *