गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

एक फरवरी से महंगी होगी शराब

चेन्नई : तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड (टीएएसएमएसी) ने एक फरवरी से शराब की खुदरा बिक्री की कीमतों में वृद्धि की घोषणा की है। टीएएसएमएसी के इस फैसले के बाद राज्य में शराब के शौकीनों को एक फरवरी से अपनी जेब ढीली करनी पड़ेगी। यहां जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में कहा गया है कि बढ़ोतरी का कारण उत्पाद शुल्क में वृद्धि है। साधारण और मध्यम श्रेणी की 180 मिलीलीटर शराब की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी की जाएगी। वहीं 180 एमएल हाई-एंड शराब की कीमत 20 रुपये बढ़ जाएगी। बीयर का शौक रखने वालों को 650 एमएल के कंटेनर में बिकने वाली बीयर के लिए 10 रुपये और चुकाने पड़ेंगे।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि 375 मिलीलीटर, 750 मिलीलीटर और 1,000 मिलीलीटर कंटेनर में बेची जाने वाली शराब और 325 मिलीलीटर और 500 मिलीलीटर कंटेनर में बेची जाने वाली बीयर की कीमतें भी उनकी मात्रा और श्रेणी के अनुसार बढ़ेंगी। अब कीमतों में बढ़ोतरी के साथ, राज्य सरकार को इस साल शराब की बिक्री से अधिक राजस्व मिलने की उम्मीद है। करीब 5,300 खुदरा वेंडिंग दुकानों और इन खुदरा दुकानों से जुड़े बार के माध्यम से शराब की बिक्री, राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के वित्तपोषण के लिए प्रमुख राजस्व अर्जन में से एक थी।
कीमतों में बढ़ोतरी के बाद औसतन दैनिक बिक्री, जो लगभग 100 करोड़ रुपये की सीमा में थी, सप्ताहांत और नए साल, पोंगल और दीपावली जैसे त्यौहारी सीज़न के दौरान 110 से 115 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर जाएगी। उल्लेखनीय है कि राज्य में राजनीतिक दलों विशेषकर पीएमके समेत विभिन्न महिला संगठनों ने शराब की दुकानें बंद करने की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन भी किये हैं । अदालत के आदेशों के बाद, स्कूलों और अस्पतालों के आसपास की 500 से अधिक दुकानें बंद कर दी गईं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *