बहराइच : उत्तर प्रदेश में श्रावस्ती ज़िले के भिनगा कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को हथियारबंद लुटेरों ने गोली मार कर पेट्रोलपंप कर्मी से तीन हजार रूपये लूट लिये। पुलिस सूत्रों ने बताया कि अनुसार शिवानगर मथुरा बाजार निवासी कालीचरण उर्फ चरनजीत (25) कोतवाली भिनगा के अकबरपुर स्थित सतीश आटोमोबाइल्स के नाम से चल रहे पेट्रोल पम्प पर सेल्स मैन का काम करता है। गुरुवार को दिन में करीब तीन बजे एक बाइक पर सवार दो बदमाश आए जो चेहरे पर गमछा लपेटे थे। उन्होंने बाइक में 500 रुपए का पेट्रोल भरवाया। पेट्रोल लेने के बाद बदमाश बाइक लेकर आगे बढ़ गए।
इस पर सेल्स मैन कालीचरण ने उनसे पैसे मांगे तो बदमाश भड़क गए। बदमाशों ने कहा कि आकर पैसे ले लो। जैसे ही सेल्स मैन बदमाशों के करीब पहुंचा तो बाइक पर पीछे बैठे बदमाश ने उसपर गोली चला दी। सेल्समैन उछल गया गोली उसके दाहिने पैर में लगी। इससे वह गिर गया। इसी बीच बदमाश ने सेल्समैन के हाथ में मौजूद करीब तीन हजार रुपए लूट लिए और बाइक से सेमरी की ओर फरार हो गए। अचानक गोली चलने से पेट्रोल पम्प पर दहशत मच गई। पेट्रोल पम्प में मौजूद अन्य लोग मौके पर पहुंचे और सेल्स मैन को उठाया।
