शामली : उत्तर प्रदेश में शामली जिले के औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में एक फैक्ट्री के गोदाम में लगी आग से करोड़ों का सामान जल कर स्वाहा हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि कंडेला स्थित इंडस्ट्रीयल एरिया में उद्यमी अनुज गर्ग की माचिस व अन्य सामान बनाने की फैक्टरी है। सोमवार सुबह फैक्टरी में अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी। फैक्टरी में मौजूद गार्ड ने मामले की जानकारी तुरंत फैक्टरी मालिक को दी जिन्होने मामले की जानकारी शामली दमकल विभाग को दी।
दमकल कर्मी मौके पर पहुंचे तथा आग पर काबू पाने का प्रयास किया लेकिन भीषण आग के सामने विफल रहे जिसके बाद कैराना से भी दमकल की गाडियां बुलायी गयी लेकिन आग पर काबू नहीं पाया जा सका। हालात की गंभीरता को देखते हुए मुजफ्फरनगर, सहारनपुर, बागपत, मेरठ से भी दमकल की गाडियां को बुलाया गया जिसके बाद दर्जनों कर्मचारी आग बुझाने के काम में जुट गए लेकिन तब तक करोडों रुपये का सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
बताया जाता है कि आग इतनी तेजी से फैली की फैक्टरी में रखा कच्चा माल, बनी हुई चम्मच, कवरिंग आदि जलकर राख हो चुके थे। सूचना मिलते ही पूर्व मंत्री सुरेश राणा, शामली नगर पालिका चेयरमैन अरविन्द संगल भी मौके पर पहुंचे तथा मामले की जानकारी ली। वहीं एसडीएम कैराना निकिता शर्मा ने भी फैक्टरी पहुंचकर हादसे की जानकारी ली। एसडीएम ने बताया कि दमकल की गाडियां मौके पर आग बुझाने में जुटी हुई है, आग में जलने वाला सारा सामान इंपोर्टेड था। देर रात तक फैक्टरी में आग धधकती रही।
फैक्ट्री में आग लगने से करोड़ों का नुकसान
