बुलंदशहर : धर्मपाल सिंह ने सोमवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सेवा, सुशासन एवं गरीब कल्याण तथा कार्यकर्ताओं के परिश्रम से “कमल निशान-उन्नति, सुरक्षा व समृद्धि की पहचान” बना। बुलन्दशहर में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलन में उन्होंने कहा कि देश व प्रदेश का वातावरण भाजपा के अनुकूल है। हमें लोगों को पोलिंग बूथ तक पहुंचाना है तथा बूथ पर डटे रहना है। बैठक में सिटिंग प्लान के साथ गौतमबुद्धनगर लोकसभा की सिकन्दराबाद विधानसभा के बूथ अध्यक्ष सम्मिलित रहे।
सिंह ने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में सांस्कृतिक व सामरिक उन्नति के साथ सबको साथ लेकर देश में सबका विकास हो रहा है। बूथ की मजबूत ईकाई से ही बूथ विजय संभव है। बूथ की मजबूती के के लिए बूथ के मतदाताओं तथा लाभार्थियों के साथ नियमित सम्पर्क तथा मोदी सरकार व योगी सरकार की नीतियों व योजनाओं के साथ संवाद आवश्यक है। बूथ समिति और पन्ना प्रमुखों की नियमित बैठक तथा कार्यों का वर्गीकरण प्रत्येक लक्ष्य प्राप्त करने में सहायक है।
प्रदेश महामंत्री (संगठन) ने कहा कि बैठकों के दौरान सभी सदस्यों का घर से टिफिन लाकर साथ बैठकर भोजन करने से परिवार के रूप में काम करने का संस्कार विकसित होता है, जो कार्य को सहज, सरज तथा सफल बनाता है।
उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्षों की बैठक में सिटिंग प्लान का नया प्रयोग किया गया है जो बैठक के वातावरण को बूथ केन्द्रित करता है। प्रधानमंत्री मोदी ने अबकी बार 400 पार का लक्ष्य हम सभी को दिया है। इस लक्ष्य की पूर्ति के लिए उत्तर प्रदेश की सभी 80 लोकसभा सीटें जीतने का लक्ष्य है और इस लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए आप सभी को अपना बूथ जीतना है और बड़े अन्तर से जीतना है।
श्री सिंह ने कहा कि सपा-बसपा-कांग्रेस की सरकारों के समय प्रदेश में अपराधीकरण से भय का वातावरण था। आज भाजपा सरकार में कानून के राज से भयमुक्त वातावरण स्थापित हुआ है। गन्ना किसानों का भुगतान हो रहा है, गरीबों को बिना भेदभाव सरकारी योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सुरक्षा के वातावरण में देश व प्रदेश सफलता के नये आयाम स्थापित कर रहा है। सपा-बसपा-कांग्रेस व भाजपा की सरकार के बीच के इस अंतर पर भी प्रत्येक बूथ, मौहल्ले, गांव, चौपालों पर चर्चा करना है।
‘कमल’ निशान बना उन्नति,सुरक्षा,समृद्धि की पहचान
