खरगोन : मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के कसरावद थाना क्षेत्र में आज एक प्रेमी युगल ने शादी नहीं होने देने का आरोप लगाते हुए कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। कसरावद थाने के उपनिरीक्षक अजय झा ने बताया कि 24 वर्षीय माकड़ खेड़ा निवासी प्रीति भालसे और 26 वर्षीय अजय बागदरे ने कीटनाशक का सेवन कर आत्महत्या कर ली। उन्होंने बताया कि वह दोनों आज कीटनाशक का सेवन कर कसरावद थाने में आए थे। उन्होंने पुलिसकर्मियों को बताया कि दोनों के परिवारजन उनकी शादी नहीं होने देने के चलते उन्होंने उक्त कदम उठाया है। उन्हें तत्काल पास ही स्थित अस्पताल ले जाया गया, उसके बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया ,जहां उपचार के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।
दोनों के शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने बताया कि मुलठान निवासी अजय अपने मामा के घर माकड़ खेड़ा में आता जाता था और इसी दौरान उसका प्रीति से प्रेम संबंध हो गया था। उन्होंने बताया कि कल प्रीति की मां उसके गुम होने की सूचना लेकर आई थी। पुलिस ने उन्हें जन्म संबंधी दस्तावेज और फोटो लाने को कहा था। वह आज फिर से पुलिस थाने आई और उनके पीछे दोनों कीटनाशक पीकर आ गए।
