गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी को किया गया भंग

भोपाल : मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी को पार्टी के केंद्रीय संगठन ने भंग कर दिया है। कांग्रेस महासचिव एवं मध्यप्रदेश के प्रभारी जितेंद्र सिंह ने आज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक बैठक के बाद पत्रकारों से चर्चा में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय संगठन ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भंग करने का निर्णय लिया है।कमेटी के पदाधिकारी भी अब पद पर नहीं रहेंगे। उन्होंने कहा कि हालाकि जिले के प्रभारी और सह प्रभारी आगामी आदेश तक अपने पद पर कार्य करते रहेंगे।
इसके पहले आज यहां प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में पार्टी विधायक, जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारियों और संगठन मंत्रियों की बैठक आयोजित की गयी, जिसमें श्री जितेंद्र सिंह के अलावा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव, कांतिलाल भूरिया और अन्य वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहे।
बैठक में नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष श्री पटवारी ने हाल ही में विधानसभा चुनाव में पार्टी की पराजय के संदर्भ में कहा कि वर्तमान दौर संघर्ष वाला है। चुनौती भी है, लेकिन असंभव कुछ नहीं है। समर्पण भाव से कार्य करने की आवश्यकता है। “मैं नहीं हम” भाव को सर्वोपरि रखकर एकजुटता के साथ कार्य करने की जरूरत है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि हम सभी संघर्षभरी यात्रा में सफल होंगे।
नवंबर दिसंबर माह में संपन्न 16वें विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है। इसके बाद कांग्रेस के केंद्रीय संगठन ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद पर वरिष्ठ नेता कमलनाथ के स्थान पर श्री पटवारी को पदस्थ कर दिया है। अब इसके बाद प्रदेश कांग्रेस कमेटी को भी भंग कर दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *