भोपाल : मध्यप्रदेश में ठंड के साथ ही कोहरे का सिलसिला लगातार यह बना हुआ है, यह स्थिति अगले चौबीस घंटे के दौरान रहने का अनुमान है। मध्यप्रदेश में नव वर्ष से ठंड और कोहरा का जो सिलसिला प्रारंभ हुआ, यह लगातार बना है। समूचा प्रदेश ठंड और कोहरे की चपेट में गुजर रहा है। इसके चलते जनजीवन प्रभावित हुआ। ठंड से कम से कम दो दिन राहत मिलने के आसार नहीं हैं।
राजधानी भोपाल सहित, इंदौर, नर्मदापुरम और उज्जैन के संभागों में बीते चौबीस घंटों के दौरान हल्की वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा नीचम, मंदसौर, आगर, भोपाल, रायसेन, सीहोर, विदिशा, अशोकनगर, ग्वालियर, शिवपुरी, सागर, पन्ना, छतरपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, मंडला और नरसिंहपुर जिले में मध्यम से घना कोहरा देखा गया। गुना, दतिया, श्योपुर, राजगढ़, रतलाम, उज्जैन, देवास, शाजापुर, इंदौर, धार, झाबुआ, अलीराजपुर, बड़वानी, खंडवा, खरगोन, बुरहानपुर, नर्मदापुरम, हरदा, दमोह, निवाड़ी, टीकमगढ़, उमरिया, शहडोल, रीवा, मऊगंज, सीधी और सिंगरौली जिले में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहा। प्रदेश के ग्वालियर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 7़ 9 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।
मौसम वैज्ञानिक वीरेंद्र सिंह यादव ने बताया कि मौसम के मिजाज को प्रभावित करने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ और आ रहा। वर्तमान स्थिति में नार्थ पंजाब और इसके अासपास एक चक्रवात बना हुआ है और इसके कारण अगले दो दिनों तक बारिश और ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है। सिस्टम का सबसे अधिक असर राज्य के उत्तरी और पश्चिमी हिस्से रहेगा, जिसके कारण बारिश की संभावना है। उन्होंने बताया कि 12 जनवरी से मौसम के साफ होने की संभावना है। इसके बाद धूप खिल सकती है, ठंड से हल्की राहत की संभावना है।
श्री यादव ने बताया कि भोपाल संभाग में आने वाले जिले के अलावा सागर, हरदा, रतलाम, उज्जैन, मंदसौर, नीचम, शिवपुरी, ग्वालियर, मुरैना और श्योपुर जिले में गरज चमक की स्थिति के साथ कहीं-कहीं हल्की वर्षा हो सकती है। यलो अलर्ट के माध्यम से चेतनावी दी गई है कि सीहोर, भोपाल, शिवपुरी और ग्वालियर जिले में वज्रपात के साथ बारिश हो सकती है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के रीवा, सीधी, सतना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, सीहोर और भोपाल जिले में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम कोहरे का असर देखने को मिल सकता है। वहीं दूसरे तरफ राज्य के ग्वालियर और चंबल संभागों में आने वाले जिले में मध्यम से घना कोहरा की संभावना है। राजधानी भोपाल और इसके आसपास के क्षेत्रों में आसमान में बादल छाए रहे, बीच में बूंदाबूंदी हुई। भोपाल में ठंड का सिलसिला यह लगातार बना हुआ है। अगले चौबीस घंटों के दौरान हल्का कोहरा तथा हल्की बारिश की संभावना जतायी जा रही है।
सर्द हवाओं के साथ ठंड की चपेट में मध्यप्रदेश
