लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थित रविंद्रालय में 21 अप्रैल से जाने माने जादूगर सिकंदर अपनी तिलिस्मी दुनिया में आने वाले लोगों को चौंकाने की तैयारी में हैं। यहां चारबाग स्थित रविन्द्रालय में जादूगर सिकंदर के शो के प्रबंधक रूद्र प्रताप सिंह और पीआरओ मदन भारती ने आज बताया कि जादूगर सिकंदर की पूरी टीम राजधानी आ गई है और शो की तैयारी तीव्र गति से शुरू हो गयी है। उनकी टीम में 50 से ज्यादा महिला एवं पुरुष कलाकार यहां विश्व की चुनिंदा जादुई प्रस्तुतियां पेश करेंगे। उन्होंने आगे कहा कि जादू हमारे देश की प्राचीनतम कला है जिसे आज संरक्षण की जरूरत है।
अब तक अनेक अवार्ड्स और पुरस्कारों से सम्मानित कानपुर निवासी जादूगर सिकंदर ने बताया कि जादू एक कला है और तंत्र मंत्र भूत प्रेत से इसका दूर दूर तक कोई नाता नहीं है। लोगों को अंधविश्वास से बचाना उनके जादुई मिशन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होने बताया कि उनका हमेशा से प्रयास रहा है कि नए नए करतब प्रस्तुत कर दर्शको का स्वस्थ मनोरंजन किया जाए और इस बार अनेको नए करतब उनके जादुई शो के आकर्षण होंगे जैसे -डायनासोर से जादूगर की लडाई, सलीम अनारकली का जादुई प्रहसन, लड़की को टुकड़ों मे काट कर जोड़ना, लड़की को हवा मे उड़ाना , जिंदा लड़की के शरीर को दो टुकड़ा कर देना, दर्शक लडकी को शीशे की दीवार से पार कर देना, मेन्टालिज्म के अनेक करतब जो अब से पहले लखनऊ मे किसी दूसरे जादूगर ने नही दिखाये, जादूगर सिकंदर के जादुई पिटारे मे सारे करतब ही नए नए है।
खुद जादूगर सिकन्दर पहली बार इतना भव्य मनमोहक कार्यक्रम लेकर आए हैं तो संपूर्ण शो ही दर्शकों को नयापन से भरपूर मिलेगा । शो मे उच्च स्तरीय हास्य और नृत्य का भी खूबसूरत मिश्रण सभी की अभिरुचि को ध्यान में रखते हुए शामिल किया गया है। उन्होने बताया कि यहा रोज़ाना 03 शो 03 बज़े, 5:30 बजे और शाम 8 बज़े से शुरू होंगे । इसके अलावा स्कूल के बच्चों के लिए भी स्पेशल शो प्रदर्शित होंगे। हर शो दो घंटे का होगा जिसमें रहस्य रोमांच और हास्य से भरे दर्जनों तरह के कारनामे शामिल होंगे। एडवान्स टिकट बुकिंग सुबह 10 बजे से ही रविन्द्रालय हॉल पर शुरू हो जाया करेगा ताकि लोगों को असुविधा न हो। ऑनलाइन टिकट भी बुक माई शो पर बुक किये जा सकते हैं।
रविंद्रालय में सजेगी जादूगर सिकंदर की तिलिस्मी दुनिया
