बेंगलुरु : गजेन्द्र सिंह शेखावत ने गुरुवार को कहा कि महादयी जल विवाद का समाधान बहुत जल्द निकलेगा। शेखावत ने कहा कि “गोवा के कामयाब मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत जी बैठक करने के लिए अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ आज दिल्ली आवास पर पहुंचे। हमारे बीच महादयी नदी जल वितरण के संबंध में विचारों का आदान-प्रदान हुआ। निश्चित रूप से इस मुद्दे का समाधान जल्द ही निकल कर सामने आएगा।”
इससे पहले गोवा के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को नयी दिल्ली गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की थी और उनसे विवादित कलसा-बंडुरा परियोजना के लिए कर्नाटक की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) को प्रदान की गई मंजूरी को वापस लेने की अपील की थी।
सावंत ने शाह से प्रावधान के अनुसार महादयी जल प्रबंधन प्राधिकरण का तत्काल गठन करने का भी आग्रह किया। कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई द्वारा घोषणा करने के बाद कि केंद्र सरकार ने कलसा-बंडुरा परियोजना को मंजूरी दे दी है, गोवा के प्रतिनिधिमंडल ने शाह और शेखावत से मुलाकात की है।
