गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

महरिया फिर भाजपा में हुए शामिल

जयपुर : पूर्व केन्द्रीय मंत्री सुभाष महरिया ने कांग्रेस छोड़कर आज फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का दामन थाम लिया।
महरिया भाजपा प्रदेश मुख्यालय में भाजपा के प्रदेश प्रभारी अरुण सिंह, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सी पी जोशी, नेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र सिंह राठौड़,उपनेता प्रतिपक्ष डा सतीश पूनियां सहित कई नेताओं की मौजूदगी में भाजपा में शामिल हुए। महरिया के साथ भारतीय पुलिस सेवा के पूर्व अधिकारी गोपाल मीणा एवं रामदेव सिंह खैरवा तथा भारतीय प्रशासनिक सेवा के पूर्व अधिकारी पी आर मीणा ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इसके अलावा राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी से चुनाव लड़ चुके डा नरसी किराड़ भी भाजपा में शामिल हो गए।
उल्लेखनीय है कि महरिया लगातार 12वीं, 13वीं एवं 14वीं लोकसभा के लिए सीकर संसदीय क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी के रुप में सदस्य चुने गए। उन्होंने वर्ष 1999 में कांग्रेस के दिग्गज नेता बलराम जाखड़ को चुनाव हराकर दूसरी बार लोकसभा पहुंचे। इससे पहले उन्होंने वर्ष 1998 में कांग्रेस के हरिसिंह को हराकर पहली बार संसद सदस्य बने। महरिया ने वर्ष 2004 में प्रदेश में कांग्रेस के दिग्गज नेता नारायण सिंह को हराकर तीसरी बार लोकसभा सदस्य चुने गए। उन्हें अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी बनाया गया।
वह वर्ष 2009 में कांग्रेस के महादेवसिंह खंडेला से लोकसभा का चुनाव हार गए और वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में उन्हें भाजपा से टिकट नहीं मिला। इसके बाद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रुप में चुनाव लड़ा लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद उन्होंने वर्ष 2016 में भाजपा छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए। उन्होंने गत लोकसभा चुनाव कांग्रेस उम्मीदवार के रुप में लड़ा लेकिन भाजपा प्रत्याशी सुमेधानंद सरस्वती के सामने चुनाव हार गए। घर वापसी के बाद श्री महरिया ने कहा कि उन्हें फिर से अपने परिवार में आने से खुशी महसूस हो रही है। उन्होंने कहा कि उन्हें पार्टी में जो भी जिम्मेदारी मिलेगी, वह उसे अच्छी तरह निभाने की कोशिश करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *