गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

मैनपुरी बनेगा उत्तर प्रदेश का ग्रोथ इंजन

मैनपुरी : जयवीर सिंह ने शनिवार को मैनपुरी में कहा कि उत्तर प्रदेश देश का ग्रोथ इंजन है और मैनपुरी उत्तर प्रदेश का ग्रोथ इंजन बनेगा। पर्यटन मंत्री ने आज यहां जनपद की सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक, पुरातात्विक महत्व की विरासत को संरक्षित रखने के लिए रू. 62.61 करोड़ की लागत से बनने जा रहे सांस्कृतिक केंद्र का शिलान्यास करते हुए कहा कि यहां प्रदेश का सबसे अत्याधुनिक संग्रालय, प्रेक्षागृह, बहुद्देशीय हॉल का निर्माण होगा।
उन्होंने कहा कि जिलाधिकारी के अथक प्रयासों से ऑडिटोरियम हेतु भूमि आवंटित हो सकीं, प्रदेश के मुखिया योगी आदित्यनाथ की विशेष कृपा से कैबिनेट में प्रस्ताव पास कराकर प्रेक्षागृह के लिए यह भूमि आवंटित हो सकी, 37 बीघा जमीन में आगरा से बेहतरीन सुविधाओं से सुसज्जित, डिजिटल म्यूजियम का निर्माण होगा, इसमें मैनपुरी का इतिहास, भविष्य सुरक्षित रखा जाएगा।
उन्होंने कहा कि जनपद को जल्द ही 700 करोड़ की लागत से बाईपास की सौगात भी मिलेगी, बाईपास निर्माण का आगणन शासन में लंबित है। मुख्यमंत्री की कृपा से जल्द ही जनपद को यह सौगात भी मिलेगी, बाईपास बनने से मैनपुरी की तस्वीर-तकदीर बदलेगी।
पूर्व मंत्री, विधायक भोगांव रामनरेश अग्निहोत्री ने कहा कि केन्द्र-प्रदेश सरकार की नीतियों, विकास कार्यक्रमों का लाभ पाकर आज समाज का प्रत्येक वर्ग खुशहाल है, पर्यटन मंत्री जनपद के लिए विकास पुरूष साबित हो रहे हैं, पर्यटन विभाग की बागडोर संभालने के बाद से ही उन्होंने जनपद के पुरातात्विक एवं ऐतिहासिक महत्व के धार्मिक स्थलों के जीर्णाेद्धार का बीड़ा उठाया है, आज जनपद के अधिकांश मंदिरों के कायाकल्प का कार्य संचालित है।
जिलाधिकारी अविनाश कृष्ण सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मैनपुरी का सांस्कृतिक केंद्र, संग्रहालय, प्रेक्षागृह, बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण कार्य पूर्ण होने पर जनपद को नई पहचान मिलेगी, लंबी प्रतीक्षा के बाद आज जनपद में अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित ऑडिटोरियम का शिलान्यास हुआ है। उन्होंने बताया कि 800 की क्षमता का ऑडिटोरियम, बहुद्देशीय हॉल, डॉरमेट्री, कैफेटेरिया, बैठक स्थल, चहारदिवारी, संग्रहालय एवं डिजिटल गैलरी, वेद-वन, लाइट एवं साउंड शो, पार्क का विकास, पार्किंग व्यवस्था, पर्यटक सुविधाएं, स्टोन बेंच, साइनेज आदि का निर्माण होगा, प्रेक्षागृह संग्रहालय का कार्य पूर्ण होने पर नगर की तस्वीर, तकदीर बदलेगी।
उन्होंने कहा कि विगत 02 वर्षों में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री के प्रयासों से जनपद में विकास कार्यों को नई गति मिली है, आज जनपद का प्रत्येक चौराहा पूरी तरह से सुसज्जित हो चुका है, जनपद के ऐतिहासिक एवं पुरातात्विक महत्व के तमाम मंदिरों में लगभग रू. 150 करोड़ के जीर्णोद्धार के कार्य प्रारंभ है, पर्यटन के क्षेत्र में भी जनपद को नई पहचान मिली है।
उन्होंने कहा कि पर्यटन मंत्री के कुशल निर्देशन में जनपद के अधिकारियों, कर्मचारियों की कार्यशैली, विकास कार्यों का धरातल पर क्रियान्वयन, लाभार्थीपारक योजनाओं का लाभ पात्रों तक आसानी से पहुंचाने के कारण जनपद विगत लगभग 02 वर्षों से प्रदेश के टॉप-10 जनपदों में शामिल है, आम-जन की शिकायतों के त्वरित निस्तारण में भी जनपद निरंतर टॉप-10 में शामिल चल रहा है। उन्होंने कहा कि जल्द ही विकासखंड बेवर के ग्राम जसराजपुर संकिसा के समीप 20 एकड़ भूमि पर बौद्ध क्षेत्र में कार्य प्रस्तावित है। इन कार्यों के पूर्ण होने पर जनपद का सांकेतिक विकास होगा, जनपद को नई पहचान मिलेगी, पिछड़े जनपद के नाम से विख्यात जनपद मैनपुरी अब प्रदेश के विकसित जनपदों में शामिल होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *