गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

युवा सहकारिता से ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं

अजमेर : राजस्थान के राजस्व मंत्री रामलाल जाट ने युवाओं का आह्वान किया है कि वे सहकारिता से जुड़े और इस क्षेत्र की योजनाओं का ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाएं। श्री जाट आज अजमेर के जवाहर रंगमंच पर अजमेर डेयरी की 31वीं वार्षिक साधारण सभा के बाद खुले अधिवेशन में बतौर मुख्य अतिथि अपना संबोधन दे रहे थे।
उन्होंने कहा कि सरकार अनेकों नवाचार कर रही है और डेयरी के जरिए लोगों को बड़े पैमाने पर रोजगार मिल रहा है, युवाओं को आगे आकर के इन योजनाओं का लाभ उठाना चाहिए ताकि उन्हें आर्थिक संबल मिल सकें क्योंकि डेयरी के जरिए मिलने वाले रोजगार से बेरोजगारी कम हो रही है। उन्होंने पशुपालन और डेयरी संचालन में युवाओं के शिक्षित होने पर भी जोर दिया और कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ भी शिक्षित होकर ही ज्यादा उठाया जा सकता है।
श्री जाट ने अजमेर डेयरी के विस्तार, उसके उत्पादनों आदि की तहदिल से तारीफ की और अध्यक्ष रामचंद्र चौधरी के संघर्ष को याद करते हुए डेयरी को इतना आगे बढ़ाने में उनके योगदान को सराहा। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वे अपनी ओर से पूरा सहयोग करने के लिए सदैव तत्पर रहेंगे क्योंकि अजमेर डेयरी ने न केवल राजस्थान बल्कि पूरे भारत में अपनी छाप छोड़ी है।
श्री जाट ने भाजपा की तत्कालीन सरकार को आड़े हाथों लिया और कहा कि तब भाजपा सरकार ने अनुदान राशि के दो रुपये भी बंद कर दिए और मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने इसी अनुदान को पांच रुपये कर डेयरी और पशुपालकों को संजीवनी देने का काम किया।

उन्होंने सरकार की बाल गोपाल योजना की भी तारीफ की और कहा कि इससे कुपोषण को मिटाने की दिशा में सहयोग मिलेगा। सरकार की चिरंजीवी योजना, उड़ान योजना, शुद्ध के लिए युद्ध को भी उन्होंने रेखांकित किया। इस मौके पर डेयरी सदर रामचंद्र चौधरी ने जाट के समक्ष डेयरी के संविदा कर्मियों को भी स्थाई करने की मांग की और कहा कि वे मुख्यमंत्री अशोक गहलोत से डेयरी कार्मिकों को भी स्थाई कराने में सहयोग प्रदान करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *