अगरतला। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने सोमवार को बारदोवली विधानसभा सीट से नामांकन दाखिल किया। इस दौरान असम के मुख्यमंत्री हेमंत बिस्वा सरमा, मणिपुर के मुख्यमंत्री एन बिरेन सिंह और भाजपा नेता संबित पात्रा भी मौजूद थे। नामांकन से पहले माणिक साहा ने रोड शो कर ताकत भी दिखाई। रोड शो में भारतीय जनता पार्टी के बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओ ने भाग लिया। भाजपा के प्रदेश स्तर के कई नेता मौक़े पर मौजूद रहे। गौरतलब है कि त्रिपुरा में 16 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होना है, जिसके लिए नामांकन की आज आखिरी तारीख है। त्रिपुरा की 60 विधानसभा सीटों में से भारतीय जनता पार्टी 55 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। वहीं भाजपा की सहयोगी पार्टी आईपीएफटी पांच सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
