चंडीगढ़ : भगवंत मान ने गुरुवार को आम आदमी पार्टी (आप) के तीनों सांसदों के साथ बैठक की और उन्हें जीत की बधाई दी।
श्री मान ने आप सांसदों से कहा कि अब संसद में पंजाब के लोगों का प्रतिनिधित्व करना उनकी जिम्मेदारी है और उन्हें अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निभानी चाहिये। संगरूर, होशियारपुर और श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्रों के आप विधायक और अध्यक्ष भी बैठक में शामिल हुये। श्री मान ने सभी मौजूद आप नेताओं को लोगों के लिये काम करने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब चुनाव संपन्न हो चुके हैं।
अब हमें जनता के सेवक के रूप में अपनी जिम्मेदारियों पर वापस लौटना चाहिए। गुरमीत सिंह मीत हेयर ने आप के गढ़ संगरूर से बड़ी जीत दर्ज की, जबकि डॉ. राज कुमार चब्बेवाल होशियारपुर से और मलविंदर सिंह कंग श्री आनंदपुर साहिब लोकसभा क्षेत्र का संसद में प्रतिनिधित्व करेंगे।
श्री मान ने कहा कि आप के तीनों सांसद बेहतरीन वक्ता हैं। वे संसद में पंजाब के मुद्दों को मजबूती से उठायेंगे। मान ने आप सांसदों को अपनी जिम्मेदारी ईमानदारी से निभाने की नसीहत देते हुये कहा, “आपको संसद में हमेशा पंजाब के लोगों के अधिकारों की रक्षा के लिए आवाज उठानी है। मान ने आप के तीनों सांसदों से पंजाब के विकास के लिए 30 सांसदों के बराबर काम करने को कहा। ”
उन्होंने कहा कि संगरूर के लोगों ने पंजाब सरकार के रूप में हमारे जनहित कार्यों को पुरस्कृत करने के लिये हमें वोट दिया। मलविंदर सिंह कंग ने अपनी जीत का श्रेय आप नेतृत्व और पार्टी की जनहितैषी नीतियों को दिया। उन्होंने कहा कि वह एक वालंटियर के तौर पर पार्टी में शामिल हुये थे और फिर 2022 में मान की सरकार बनने के बाद उन्हें पंजाब में पार्टी के मुख्य प्रवक्ता की जिम्मेदारी दी गयी। उन्होंने कहा कि यह आप में ही संभव है कि एक वालंटियर आज सांसद है।
श्री चब्बेवाल ने होशियारपुर लोकसभा क्षेत्र की पूरी टीम का धन्यवाद किया और कहा कि यह उनकी जीत है। उन्होंने कहा कि होशियारपुर के हर वालंटियर और नेता की टीम के प्रयास की बदौलत उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा )को उसके गढ़ में हराया।
मान ने आप सांसदों के साथ बैठक की
