चंडीगढ़ : मनोहर लाल रविवार को गुरुग्राम से आबकारी एवं कराधान विभाग, हरियाणा (एसजीएसटी) की एक मुश्त व्यवस्थापन (वन टाइम सेटलमेंट) योजना का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर आबकारी एवं कराधान विभाग के प्रधान सचिव देवेंद्र सिंह कल्याण एवं आबकारी एवं कराधान आयुक्त अशोक कुमार मीणा ने शनिवार को अपैरल हाउस का दौरा किया और तैयारियों का जायजा लिया। प्रधान सचिव ने कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर आवश्यक निर्देश देते हुये कहा कि यह एक महत्वपूर्ण कार्यक्रम है, इस कार्यक्रम में उपस्थित होने वालों की सुविधा पर विशेष ध्यान दिया जाये।
एक मुश्त व्यवस्थापन योजना का व्यापारी वर्ग को बड़ा लाभ मिलेगा और प्रदेश के राजस्व में बढ़ोतरी होगी। इस अवसर पर गुरुग्राम की संयुक्त आयुक्त आबकारी एवं कराधान गीतांजलि मोर ने प्रधान सचिव एवं आयुक्त को कार्यक्रम से जुड़ी तैयारियों के बारे में आवश्यक जानकारी दी और विभागीय गतिविधियों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर जिला प्रशासन एवं विभाग के अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे।
