गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

केजरीवाल के खिलाफ बहुत षड्यंत्र रचे गए:आतिशी

नई दिल्ली : आतिशी ने मंगलवार को कहा कि आम आदमी पार्टी(आप), दिल्ली सरकार, दिल्ली की जनता और पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के खिलाफ बहुत षड्यंत्र रचे गए लेकिन हनुमान जी ने हर संकट से रक्षा की।
सुश्री आतिशी ने आज यहां कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जी के दर्शन किए, पूजा-अर्चना की और सभी की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया।
उन्होंने ‘एक्स’पर कहा,“कनॉट प्लेस स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में हनुमान जी का आशीर्वाद लिया। पिछले दो सालों में आम आदमी पार्टी, दिल्ली सरकार, दिल्ली की जनता और हमारे नेता अरविंद केजरीवाल के ख़िलाफ़ बहुत षड्यंत्र रचे गए। लेकिन हनुमान जी ने हर संकट से हमारी रक्षा की। संकट मोचन से यही प्रार्थना है कि, उनका आशीर्वाद सदैव हम सभी पर बना रहे, हम दिल्लीवालों के काम करते रहें और आने वाले चुनाव के बाद एक बार फिर अरविंद केजरीवाल जी दिल्ली के मुख्यमंत्री बनें।”
मुख्यमंत्री ने पत्रकारों से कहा कि, “हनुमान जी हमारे संकट मोचन रहे है। पिछले दो सालों में आम आदमी पार्टी पर, दिल्ली सरकार पर, हमारे नेता अरविंद केजरीवाल जी पर हमारे दुश्मनों द्वारा हर तरह के हमले हुए। उन्होंने कोशिश की कि, हमें तोड़ दें, हमें दबा दें, हमें चुप करा दें, दिल्ली वालों के काम रोक दें।”
उन्होंने कहा कि हनुमान जी ने हर संकट में ‘आप’की,श्री जरीवाल की,दिल्ली सरकार की और दिल्लीवालों की रक्षा की।
सुश्री आतिशी ने कहा, “आज हनुमान जी से मैंने यही प्रार्थना की कि, जिस तरह से उनका आशीर्वाद हमेशा हम सभी पर बना रहा है, वैसे ही बना रहे। हम उनके आशीर्वाद के साथ दिल्लीवालों के काम करते रहें और उनके आशीर्वाद के साथ आने वाले चुनाव में अरविंद केजरीवाल जी को वापस दिल्लीवालों का मुख्यमंत्री बनाए।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *