श्रीगंगानगर : राजस्थान के श्रीगंगानगर में जवाहरनगर थाना क्षेत्र में पंजाब सीमा से लगते गांव साधूवाली की एक विवाहिता ने गांव के नजदीक ही गंग कैनाल में छलांग लगा दी। विवाहिता का 24 घंटे बाद भी कोई अता-पता नहीं है। थाना प्रभारी नरेश निर्वाण ने बताया कि स्थानीय बसंती चौक क्षेत्र निवासी गोपीराम नायक की 21- 22 वर्षीय पुत्री आरती ने सोमवार दोपहर को गांव के पास ही गंग कैनाल में छलांग लगा दी।
उसे एक महिला ने नहर में कूदते हुए देखा तो शोर मचाया। गांव के लोग भाग कर आए लेकिन तब तक आरती पानी के तेज बहाव में बह निकली। घटना की सूचना मिलने पर साधूवाली पुलिस चौकी प्रभारी एएसआई विजय कुमार दलबल सहित मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि आरती को ढूंढने के लिए सिविल डिफेंस के गोताखोरों की टीम बुलाई गई। आज शाम समाचार लिखे जाने तक आरती का पता नहीं चला था।
