गौरवशाली भारत

देश की उम्मीद ‎‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎ ‎‎

बुधनी में बनेगा मेडिकल कॉलेज

सीहोर/रायसेन : शिवराज सिंह चौहान ने आज कहा कि सीहोर जिले के बुधनी क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज बनेगा और शीघ्र ही इसका शिलान्यास किया जाएगा। बुधनी विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले चौहान सीहोर और रायसेन जिले के सीमावर्ती बकतरा में विकास यात्रा के समापन कार्यक्रम में शामिल हुए। उन्होंने इस अवसर पर अपने संबोधन में बुधनी क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि अब बुधनी में मेडिकल कॉलेज भी खुलेगा। इसका शिलान्यास भी शीघ्र ही होगा। उन्होंने कहा कि वे नागरिकों का जीवन सुगम बनाने के लिए कोई कमी नहीं आने देंगे।
इस अवसर पर उन्होंने बालिकाओं और महिलाओं के विकास के लिए प्रारंभ की गयीं विभिन्न योजनाओं का जिक्र किया और कहा कि अब राज्य सरकार लाड़ली बहना योजना के जरिए पात्र महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए प्रदान किए जाएंगे। ऐसा होने से महिलाओं का आर्थिक उत्थान भी होगा।
चौहान ने बकतरा में सीएम राइज स्कूल खोलने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि आज बुधनी विधानसभा क्षेत्र में कोई खेत सिंचाई और कोई भी गाँव बिना सड़क के नहीं है। उन्होंने बकतरा के अनेक गाँव को जोड़ने वाले कई मार्गों का भूमि-पूजन भी किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि 20 साल पहले बुधनी हर क्षेत्र में पिछड़ा था। कांग्रेस की 15 माह की पूर्ववर्ती सरकार ने गाँव, गरीब और वंचितों की योजनाओं को बंद कर आमजन के हितों के साथ कुठाराघात किया था।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार प्रदेश के साथ बुधनी में भी विकास यात्रा का प्रारंभ 5 फरवरी को ग्राम पंचायत रतनपुर से हुआ था। यात्रा 66 ग्राम पंचायतों के 146 ग्रामों से निकाली गई, जिसमें जन-प्रतिनिधियों और अधिकारियों की उपस्थिति रही। विकास यात्रा में 12 करोड़ 15 लाख रूपए के कार्यों का लोकार्पण एवं 12 करोड़ 7 लाख रूपये के कार्यों का भूमिपूजन किया गया। बुधनी विकास यात्रा के दौरान 13 हजार 710 आवेदन प्राप्त हुये। इनमें से 94.5 प्रतिशत निराकरण कर लाभ प्रदान किया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *