शिमला : हिमाचल प्रदेश में मौसम ने करवट बदल ली है। वहीं प्रदेश के जिला लाहौल स्पिति में क्रिसमस व नव वर्ष के चलते प्रतिदिन जिला लाहौल स्पिति में सैलानियों की आवाजाही की संख्या में वृद्धि देखने को मिल रही है और बर्फबारी होने से ठंड भी बढ़ गई है। इसी के साथ पिछले रविवार सुबह 08 बजे से आज सुबह 08 बजे तक 24 घंटों में अटल सुरंग रोहतांग से जिला लाहौल स्पिति में कुल 19383 वाहनों का आवागमन हुआ है। इन वाहनों में प्रदेश के अन्दर व बाहर के पर्यटकों की काफी संख्या में हैं।
लाहौल स्पीति के पुलिस अधीक्षक मानव वर्मा ने बताया कि पिछले 24 घंटों में 19,000 से अधिक वाहनों ने अटल टनल, रोहतांग को पार किया है। उन्होंने बताया कि बर्फबारी होने से क्षेत्र का तापमान काफी नीचे चला गया है। पर्यटकों ने भी छितकुल में बर्फ का आनंद लिया। बर्फबारी के बाद हांलाकि किन्नौर में धूप खिली रही, लेकिन दोपहर के समय आसमान में बादलों ने फिर से डेरा जमा लिया है। बादल छाने से क्षेत्र में एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज हुई है। किन्नौर के अधिकांश क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान माइनस से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम में बदलाव के साथ शीतलहर का प्रकोप शुरू हो गया है। लाहौल के मुख्यालय केलांग में सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां का न्यूनतम पारा -10.8 और अधिकतम 1.4 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश के पांच जिलों कुल्लू, लाहौल-स्पीति, किन्नौर, शिमला और मंडी में पारा शून्य से नीचे चला गया है। राजधानी शिमला का भले ही पारा ढाई डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा हो, लेकिन दिनभर बादल छाए रहने से ठंड रही। व्हाइट क्रिसमस की आस लगाए पर्यटकों को थोड़ी मायूसी हुई। रोहतांग समेत ऊंची चोटियों पर फाहे गिरे हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सुरेद्र पाल ने सोमवार और 29 दिसंबर को शिमला समेत ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश-बर्फबारी के आसार हैं, जबकि मैदानों में धुंध का येलो अलर्ट जारी हुआ है। आगामी 27 और 28 दिसंबर को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने की संभावना है। पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से मौसम में बदलाव आने का पूर्वानुमान है। प्रदेश के अधिकतम तापमान में 5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है।
पहाड़ों पर हुई बर्फबारी से गिरा पारा
