खंड शिक्षा अधिकारियों की टीम पहुंची
हिसार : हरियाणा के हिसार जिले के गंगवा गांव के राजकीय स्कूल की पांचवीं कक्षा की छात्रा खुशी की मिड डे मील खाने के बाद हुई मौत मामले में पुलिस उपाधीक्षक शिव कुमार की टीम जांच के लिए शुक्रवार को स्कूल पहुंची। शिक्षा विभाग के अधिकारियों की पांच सदस्यीय टीम ने भी मौके का निरीक्षण किया। परिजनों का आरोप है कि बुधवार को खुशी ने स्कूल में मिड डे मील में अचार के साथ पूरी खाई थी जिसके बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई थी। हालत ज्यादा खराब होने पर वीरवार सुबह वे उसे निजी अस्पताल में लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
चंद्रलोक कालोनी निवासी मनोज कुमार ने बताया कि उनकी बेटी खुशी गंगवा के राजकीय प्राथमिक स्कूल में पांचवी की छात्रा थी। मनोज ने बताया कि वीरवार को भी आजाद नगर की सातवीं कक्षा की एक छात्रा की तबीयत बिगड़ने पर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। शुक्रवार को शिक्षा विभाग ने इस मामले की जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी बिजेंद्र सिंह की अध्यक्षता में पांच सदस्यीय टीम का गठन कर दिया है।
जिसमें चार अलग अलग स्कूलों के प्रिंसीपल शामिल किए गए हैं। पांच सदस्यीय टीम ने वीरवार सुबह स्कूल पहुंचकर निरीक्षण किया। शिक्षकों तथा परिजनों से बातचीत की। मिड डे मिल के सैम्पल भी जांचे। जांच अधिकारी शिव कुमार ने बताया कि शिकायत के बाद स्कूल हेड मीनाक्षी के अलावा अन्य शिक्षकों से बातचीत की है। परिजनों के बयान भी लिए गए हैं। मामले की गहनता से जांच की जा रही है।
